Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

चार किशोंरों की कैल नदी में डूबने से मौत,पूरे गांव में भी मातम का माहौल

चमोली। थराली विधानसभा के देवाल विकासखंड अन्तर्गत कलसिरी गांव के नीचे कैल नदी में 15-17 आयु के चार किशोरों की नदी में डूबने से मौत हो गई। शुक्रवार दोपहर से ही चारों किशोर लापता थे। शनिवार सुबह नदी में शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों किशोरों के शवों को निकाला। घटना से पूरे विकासखंड में शोक की लहार छा गयी हैं। जानकारी के अनुसार धरागांव के प्रियांशु पुत्र रघुवीर बिष्ट, ओडर गांव के गौरव सिंह पुत्र भरत सिंह, सोड़िग सरकोट के अंशुल पुत्र स्वर्गीय हरेंद्र सिंह बिष्ट और इच्छोली के अनिल मिश्रा पुत्र राकेश मिश्रा शुक्रवार को देवाल विकासखंड अन्तर्गत हाट कल्याणी-सवाल मोटर सड़क के किनारे बसे कलसिरी गांव के नीचे कैल नदी में नहाने के लिये गये थे। इसकी जानकारी परिजनों को भी नहीं थी। चारों किशोर दोपहर बाद अचानक लापता हो गए थे। परिजनों द्वारा पूरी रात खोजबीन के बावजूद भी उनका कोई भी पता नहीं चल पा रहा था। सुबह जानकारी मिली कि कैल नदी में किशोरों के शव नदी में दिख रहे हैं। जिसके बाद नदी में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गयी। लोगों ने सूचना पुलिस को दी। स्थानीय लोगों की मदद से चारों शवों को बाहर निकाला गया। सूचना के बाद भी पुलिस एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ समय पर नहीं पहुंची। देवाल चौकी से पुलिसकर्मी जब घटनास्थल पर पहुंचे तब तक लोगों ने शवों को नदी से बाहर निकाल लिया था। चारों किशोर राजकीय इंटर कालेज देवाल में कक्षा 9 से 11 तक के छात्र हैं। घटना से चारों मृतकों के परिवार में कोहराम मचा है। साथ ही पूरे गांव में भी मातम का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *