Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

भाजपा सरकार बेस कीमती संपत्तियां अपने चहेतों को कौड़ियों के भाव बेचने में लगी : कापड़ी

रूद्रपुर। उपनेता प्रतिपक्ष एवं खटीमा के विधायक भुवन कापड़ी ने सरकार पर सिडकुल की जमीन अपने चहेतों को कौड़ियों के भाव बेचने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मामले को विधानसभा में उठायेंगे जरूरत पड़ी तो हाईकोर्ट की शरण भी लेंगे। उप नेता प्रतिपक्ष कापड़ी शनिवार को जिला मुख्यालय पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बेस कीमती संपत्तियां अपने चहेतों को कौड़ियों के भाव बेचने में लगी है। उन्होंने कहा कि विकास पुरूष पंडित नारायण दत्त तिवारी ने सिडकुल की स्थापना करके हजारों लोगों को रोजगार देने का काम किया था। इस धरोहर को बचाने में सरकार फेल साबित हो रही है। सिडकुल से उद्योगों का लगातार पलायन हो रहा है। एचसीएल,एचपी, जाइडस माइक्रोमैक्स जैसी बडी कंपनियां पलायन कर चुकी है। लेकिन सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं है। ये कंपनियां हजारों युवाओं को रोजगार दे रही थी। लेकिन एक बार भी सरकार ने चिंतन नहीं किया कि ये कंपनियां क्यों पलायन कर रही हैं। सिडकुल में जिस जमीन का बाजार भाव 60 हजार रूपये स्कवायर मीटर है उसे सरकार अपने चहेतों को मात्र 13 हजार 401 रूपये स्क्वायर मीटर बेच रही है। इसमें मुख्यमंत्री और अधिकारी सब मिले हुए हैं। कापड़ी ने कहा कि 18 एकड़ जमीन को कौड़ियों के भाव बेचने के इस मामले को वो विधानसभा में उठायेंगे। जरूरत पड़ी तो हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटायेंगे। उपनेत प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार की सीमायें लांघ दी है। पहले बिना योग्यता के लोगों को रोजगार दिया। विधानसभा भर्ती घोटाला, सहकारिता घोटाला, रोजगार को कैसे सुरक्षित करें इस ओर सरकार का बिल्कुल ध्यान नहीं है। सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश लगातार गर्त में जा रहा है। सरकार ने पांच साल में 35 हजार करोड़ रूपये कर्ज लेकर प्रदेश वासियों को कर्जदार बनाने का काम किया है और संपत्तियां बेचकर अपने चहेतों को लाभ पहुंचाया है। विधायक कापड़ी ने कहा कि घोटाला जिसकी सरकार में भी हुआ है उस पर कार्रवाई होनी चाहिए। पार्टी हित से पहले जनता का हित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के हकों के लिए वह आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा को देश भर में भारी सफलता मिल रही है। जिन जिन प्रदेशों से यात्रा नहीं गुजर रही है उनमें भारत जोड़ो यात्रा के समर्थन में पखवाड़ा मनाया जा रहा है जिसमें पद यात्रा के साथ ही अन्य कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। जिसमें जिला, कांग्रेस और ब्लाक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता सौरभ चिलाना, कार्यवाहक महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा, संदीप चीमा, मोहन खेड़ा आदि भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *