Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हल्द्वानी में सीएम तीरथ ने किया डीआरडीओ द्वारा स्थापित 500 बेड के कोविड केयर सेंटर का वर्चुअल उद्घाटन

तीसरी लहर को रोकने के लिए पुख्ता इंतजामः तीरथ
हल्द्वानी । प्रदेश के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने आज डीआरडीओ द्वारा स्थापित 500 बेड के अस्स्थाई कोविड केयर सेंटर का वर्चुअल उद्घाटन किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि केंद्र एवं राज्य के समन्वित प्रयासों से यह कोविड केयर सेंटर जल्द बनकर तैयार हुआ है। मुख्यमंत्री ने इस कोविड केयर सेंटर की स्थापना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में इस कोविड केयर सेंटर के बनने से कुमाऊं मंडल के लोगों को इलाज कराने में काफी सुविधा होगी। देवभूमि उत्तराखंड की परंपरा हमेशा सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की रही है। जो भी मरीज यहां इलाज के लिए आएंगे, उन्हें उचित इलाज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य में आक्सीजन, आइसीयू, वेंटिलेटर एवं अन्य आवश्यक दवाओं की पूर्ण उपलब्धता है। कोविड की तीसरी लहर के दृष्टिगत सभी पुख्ता व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में हल्द्वानी में यह एक महत्वपूर्ण कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि कुमाऊं क्षेत्र के लिए यह एक बड़ी सौगात है। कोरोना की तीसरी लहर के दृष्टिगत भी यह कोविड केयर सेंटर बहुत मददगार साबित होगा। सांसद अजय भट्ट ने कहा कि सीएम तीरथ सिंह रावत के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। राज्य के पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में भी आक्सीजन, कन्संट्रेटर आदि की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। उन्होंने कोविड केयर सेंटर की बहुत कम समय में स्थापना करने पर डीआरडीओ के अधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया। नेता प्रतिपक्ष डाॅ. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि हल्द्वानी में इस कोविड केयर सेंटर के बनने से मरीजों को ईलाज करने में काफी सुविधा होगी। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया। हल्द्वानी में कुमाऊं एवं उत्तर प्रदेश से अनेक मरीज इलाज के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल ऐसा क्षेत्र है, जिसमें हमेशा सुधार की गुंजाइश रहती है। उन्होंने कहा कि कोविड लड़ने के लिए सबको मिलजुल कर प्रयास करने होंगे। बता दें 10 हजार वर्गफीट में बनाए गए इस आधुनिक सुविधायुक्त कोविड केयर सेंटर में 325 आक्सीजन बेड, 125 आईसीयू एवं वेंटिलेटर की व्यवस्था की गई है। बच्चों के लिए अलग वार्ड के साथ ही उनके अभिभावकों के लिए भी अलग से व्यवस्था की गई है। इसमें ब्लैक फंगस के मरीजों के लिए भी अलग वार्ड बनाया गया है। डीआरडीओ द्वारा यह कोविड केयर सेंटर मात्र तीन सप्ताह में तैयार किया गया है। अब इसका क्लीनिकल मैनेजमेंट डाॅ. सुशीला तिवारी अस्पताल द्वारा किया जाएगा। उदघाटन के अवसर पर वर्चुअल माध्यम से मेयर हल्द्वानी डाॅ. जोगेंद्रपाल सिंह रौतेला, नैनीताल के भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार शत्रुघ्न सिंह, मुख्य सचिव ओम प्रकाश, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव स्वास्थ्य अमित नेगी, मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी जे. सुंद्रियाल, कुमाऊं कमश्निर अरविंद सिंह ह्यांकी, जिलाधिकारी नैनीताल धीराज गब्र्याल, स्वास्थ्य महानिदेशक डाॅ. तृप्ति बहुगुणा, डाॅ सुशीला तिवारी मेडिकल काॅलेज के प्रिन्सिपल डाॅ. सीपी भैंसोड़ा एवं सीएमएस सुशीला तिवारी मेडिकल अस्पताल डाॅ. अरूण जोशी आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *