February 14, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

काशीपुर। घर से पैदल मोबाइल रिचार्ज कराने के लिए निकले युवक का क्षत-विक्षत शव रेलवे ट्रैक पर लावारिस पड़ा पाया गया। रात्रि लगभग 2 बजे परिजनों को जैसे ही इसकी भनक लगी उनमें कोहराम मच गया। पुलिस को मामले की सूचना मिलने पर उसने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम कराने के बाद आज शव परिजनों के हवाले कर दिया। अकस्मात घटी घटना को लेकर मृतक परिवार बेहद सदमे में है। जानकारी के मुताबिक ग्राम चांदपुर सैनिक काॅलोनी निवासी कृष्ण कुमार का 17 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार दसवीं का छात्र है। परिजनों ने बताया कि गत गुरुवार की शाम लगभग 7ः30 बजे वह मोबाइल रिचार्ज कराने के लिए पैदल घर से निकला लेकिन वापस घर नहीं लौटा। देर रात तक युवक के घर न लौटने पर परिजनों को चिंता सताने लगी। इस बीच उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। अनहोनी की आशंका से ग्रसित परिजनों ने तमाम संभावित स्थानों पर तलाश की लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। रात्रि लगभग 2 बजे ग्राम फिरोजपुर के समीप रेलवे ट्रैक पर युवक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में लावारिस पड़ा पाया गया। प्रथम दृष्टया पुलिस का अनुमान है कि ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। दर्दनाक तरीके से घटित ट्रेन एक्सीडेंट में युवक की खोपड़ी उड़ गई। मृतक तीन भाई और एक बहन में सबसे छोटा था। खबर लिखे जाने तक मृतक परिजन खुद इस बात को लेकर असमंजस में है कि मोबाइल में रिचार्ज कराने के लिए निकला युवक आखिर रेलवे ट्रैक पर कैसे पहुंच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *