February 14, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दिवाली से पहले रूद्रपुर बाजार को हाॅट मिक्स सड़कों की सौगात

बाजार में हाॅटमिक्स सड़कों के निर्माण का मेयर ने किया शुभारम्भ
रूद्रपुर। नगर निगम द्वारा मुख्य बाजार में कराये जा रहे सौंदर्यीकरण कार्यों के अंतर्गत आज बाजार की गलियों में हाॅटमिक्स सड़कों का निर्माण शुरू हुआ। हाॅटमिक्स सड़कों के निर्माण का शुभारम्भ मेयर रामपाल सिंह ने पुरानी इलाहाबाद बैंक वाली गली से भाजपा कार्यकर्ताओं और व्यापारियों की मौजूदगी में देवभूमि व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह के जन्मदिन के अवसर पर उनके करकमलों द्वारा एवं नगर अध्यक्ष विकास शर्मा, पूर्व पार्षद सोनू अनेजा के साथ संयुक्त रुप से नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर व्यापारियों और भाजपाईयों ने मेयर रामपाल सिंह का माला पहनाकर जोरदार स्वागत करते हुए बाजार के सौंदर्यीकरण पर उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान मेयर रामपाल सिंह ने कहा कि मुख्य बाजार का सौंदर्यीकरण उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है। मुख्य बाजार में नाला निर्माण, फुटपाथ निर्माण के बाद अब हाॅटमिक्स सड़कों का निर्माण भी शुरू हो गया है। मेयर ने कहा कि बाजार में निर्माण कार्यों में कुछ देरी जरूर हुयी है लेकिन निर्माण कार्य दूरगामी सोच के साथ और गुणवत्ता के साथ कराये गये हैं ताकि निकट भविष्य में बाजार में पुनः किसी निर्माण की आवश्यकता न हो। उन्होंने कहा कि बाजार में कराये गये सौंदर्यीकरण कार्यों में व्यापारियों के हितों के साथ साथ बाजार आने वाले ग्राहकों के हितों को भी ध्यान में रखा गया है। बाजार में नाला निर्माण होने से अब बरसातों में पानी निकासी की समस्या से छुटकारा मिलेगा। वहीं फुटपाथ निर्माण से अब बाजार में जाम की समस्या भी दूर होगी। उन्होंने बाजार में नाले की खुदाई और तोड़ फोड के कारण जो धूल से लोगों को दिक्कतें हो रही थी अब हाॅटमिक्स सड़कों के निर्माण के साथ ही व्यापारियों और आम जनता को धूल से भी छुटकारा मिल जायेगा। मेयर ने कहा कि शहर का विकास उनकी प्राथमिकता है। वह रूद्रपुर को विकास के माॅडल के रूप में देखना चाहते हैं। इसी को ध्यान में रखकर शहर के विकास की योजनाएं बनाई जा रही है। विकास कार्यों में जनता का सहयोग भी अपेक्षित है। जनता के सहयोग के बिना शहर को साफ और सुंदर नहीं बनाया जा सकता। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए लोगों को खुद भी जागरूक होना पड़ेगा तभी हम रूद्रपुर को माॅडल के रूप में विकसित कर पायेंगें। इस दौरान देवभूमि व्यापार मण्डल के जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह ने कहा कि दिवाली से पहले टाइल्स और सड़कों का निर्माण कराकर व्यापारियों और आम जनता को समस्याओं से निजात दिलाने का काम किया है। नगर निगम की ओर से बाजार में कराये गये विकास कार्यों से निश्चित ही आम जनता को इसका लाभ मिलेगा और व्यापारियों का कारोबार भी बढ़ेगा। देवभूमि व्यापार मण्डल के नगर अध्यक्ष विकास शर्मा ने बाजार का सौंदर्यीकरण और हाॅटमिक्स सड़कों का निर्माण कराने पर मेयर रामपाल सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि त्यौहारों से पहले मेयर रामपाल सिंह ने शहरवासियों को हाॅटमिक्स सड़कों की सौगात दी है। इसके अलावा शहर में टाइल्स युक्त फुटपाथ निर्माण भी मेयर रामपाल सिंह की विकास परक सोच का परिणाम है। शहर के सभी वार्डों में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। इसका शहरवासियों को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा। इस अवसर पर पूर्व पार्षद सोनू अनेजा, मुख्य बाजार की पार्षद दिव्या अनेजा,भाजपा नेता संजय ठुकराल, राजेश जग्गा, राकेश सिंह, पार्षद सुशील चैहान, अंबर सिंह, शैलेंद्र रावत, निमित शर्मा, विनय विश्वास,अमित शर्मा, चंद्रसेन कोली, मनीष शुक्ला, सुभाष नारंग, राहुल सरीन, राकेश कटारिया, राजू स्याल,सूरज सचदेवा, मोनू खुराना, रजत शर्मा, महेश छाबड़ा, पम्मा सिंह, राजेश गर्ग, मेयर प्रवक्ता हरीश चैधरी आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *