February 14, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बंशीधर भगत कोरोना संक्रमित,नेताओं और पत्रकारों में हड़कंप,प्रदेश मुख्यालय बंद

देहरादून। उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इसकी जानकारी खुद प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर दी है। बीते दिन उनके बेटे विकास भगत सिंह भी कोरोना पाॅजिटिव पाए गए थे जिन का इलाज हल्द्वानी की सीएससी अस्पताल में चल रहा है। वहीं बेटे के कोरोना पाॅजिटिव आने के बाद बंशीधर भगत सेल्फ आइसोलेट हो गए थे। बीते दिन देहरादून, यमुना काॅलोनी स्थित उनके आवास में जाकर स्वास्थ्य विभाग ने उनका सैंपल लिया था जिसकी आज रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। वहीं इस खबर से भाजपा में हड़कंप मच गया है क्योंकि इससे पहले बंशीधर भगत कई कार्यक्रमों में शामिल हुए थे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के कोरोना पाॅजिटिव पाए जाने के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय को दो दिनों के बंद कर दिया गया है। भाजपा कार्यालय को अगले दो दिनों तक सैनिटाइज किया जाएगा। उनके आवास को भी सैनिटाइज किया जाएगा। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष के संपर्क में आए अन्य लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। उनके संपर्क में आए लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। बंशीधर भगत कुछ दिन पहले ही अपने आवास में शिफ्ट हुए हैं। उस दिन बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हुए थे। भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की वापसी के दौरान भी लोगों का जमावड़ा लगा था। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष कई पत्रकारों के संपर्क में भी आए। एक और चिंता की बात यह है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत विधानसभा अध्यक्ष के घर भी मुलाकात करने गए थे। कुछ विधायक भी उनके संपर्क में रहे। इन सभी लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सुरक्षा को देखते हुए सभी का कारोना टेस्ट कराया जाएगा। हालांकि अभी यह साफ नहीं हुआ है कि कितने और किन-किन लोगों को कोरोना टेस्ट कराया जाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *