February 14, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

छात्रा ने चुन्नी से पंखे में फांसी लगाकर दी जान

काशीपुर। संदिग्ध परिस्थितियों में एक छात्रा ने आज सुबह फांसी लगा ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया। खबर लिखे जाने तक घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। जानकारी के मुताबिक ग्राम फिरोजपुर निवासी स्वर्गीय रामेश्वर की 18 वर्षीय पुत्री आकांक्षा स्थानीय गुरु नानक गल्र्स इंटर काॅलेज में 11 वीं की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर छात्रा की उसकी मां से पिछले कुछ दिनों से तनातनी चल रही थी। हालिया घटनाक्रम के बारे में पता चला है कि आज सुबह लगभग 8ः30 बजे जब उसकी मां धान लगाने खेतों की ओर चली गई इसी दौरान छात्रा ने चुन्नी से पंखे में फांसी लगा ली। घर के अंदर से कोई आहट ना होने पर जब पड़ोसियों ने नजारा देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पुलिस को जैसे ही इसकी सूचना मिली एसआई गणेश पांडे तत्काल मौके पर पहुंच गए। जरूरी पड़ताल के बाद पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। छात्रा के पिता की लगभग डेढ़ दशक पूर्व मौत हो चुकी है। वह दो बहने हैं। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। वह मां के साथ घर में अकेली रहा करती थी। खबर लिखे जाने तक घटना के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में तमाम तरह की चर्चाएं व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *