February 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

24 घंटों में मिले 5242 नये केस

24 घंटों में मिले 5242 नये केस
नई दिल्ली(उद ब्यूरो)।देश में आज से लाॅकडाउन-4 की शुरूआत हो गई है। लाॅकडाउन का चैथा चरण 31 मई तक लागू होगा। लाॅकडाउन के बावजूद भी देश में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। देश में पिछले 24 घंटों में संक्रमित मरीजों के 5242 मामले सामने आए हैं, जो एक दिन में अबतक सबसे ज्यादा मामले हैं। वहीं पिछले 24 घंटों में 157 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों को मुताबिक अबतक 96 हजार 169 लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं 3029 लोगों की मौत हो चुकी है। 36 हजार 824 लोग ठीक भी हुए हैं। जानें आपके राज्य में कोरोना वायरस का क्या हाल है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 1198, गुजरात में 659, मध्य प्रदेश में 248, पश्चिम बंगाल में 238, राजस्थान में 131, दिल्ली में 160, उत्तर प्रदेश में 104, आंध्र प्रदेश में 50, तमिलनाडु में 78, तेलंगाना में 34,  कर्नाटक में 37, पंजाब में 35,  जम्मू-कश्मीर में 13, हरियाणा में 14, बिहार में 8, केरल में 4, झारखंड में 3, ओडिशा में 4, चंडीगढ़ में 3, हिमाचल प्रदेश में 3, असम में 2, और मेघालय  में एक मौत हुई है। बता दें कि भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले पिछले तीन दिनों में दोगुने होने का समय 13.6 दिन हो गया है, जबकि पिछले 14 दिन में यह दर 11.5 दिन थी। देश में रविवार को कोरोना वायरस के लगभग पांच हजार मामले सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने बताया कि मृत्युदर गिरकर 3.1 प्रतिशत हो गई है और स्वस्थ होने की दर में सुधार हुआ है और यह 37।5 प्रतिशत हो गई है। भारत में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 106 दिन में 80 हजार पहुंच गई, जबकि ब्रिटेन, इटली, स्पेन, जर्मनी और अमेरिका में इस संख्या पर पहुंचने में 44 से 66 दिन लगे थे। आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों- अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, लद्दाख, मेघालय, मिजोरम, पुडुचेरी और अंडमान निकोबार द्वीप समूह और दादर एवं नागर हवेली में पिछले 24 घंटे में कोरोना का कोई मामला सामने नहीं आया है। सिक्किम, नागालैंड, दमन और दीव, लक्षद्वीप में अब तक कोई मामला सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *