Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

लापता बच्चे का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी

काशीपुर(उद संवाददाता)। रहस्यमय परिस्थितियों में गायब एक मासूम का शव आज तड़के पानी से भरे खाली प्लॉट में लावारिस पड़ा पाया गया। पुलिस को जैसे ही इसकी सूचना मिली उसमें तत्काल मौके पर पहुंचकर बच्चे के शव को कब्जे में लेते हुए उसे पीएम हाउस भेज दिया। प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है । सनसनीखेज घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त है। जानकारी के मुताबिक ग्राम ढकिया गुलाबो मजार के समीप निवासी मानसिंह का पौने 2 वर्षीय पुत्र अंश गत रात्रि संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। उन्होंने तमाम संभावित स्थानों पर तलाश के बाद स्थानीय पुलिस को बच्चे के गायब होने की सूचना दी। घटना संज्ञान में आने पर पुलिस व एसओजी की अलग-अलग टीमों ने देर रात तक आसपास के सभी स्थानों को खंगाला लेकिन बच्चे का कहीं कोई पता नहीं चला। गायब बच्चे का पता लगाने के लिए पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद के अलावा महत्वपूर्ण स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला लेकिन उसके हाथ कोई सुराग नहीं लग सका। इसी बीच आज तड़के घर से बमुश्किल 500 मीटर की दूरी पर स्थित पानी भरे एक खाली प्लाट में मासूम का शव लावारिस पड़ा पाया गया । यह खबर जैसे ही जंगल में आग की तरह फैली सैकड़ों की तादात में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। इस बीच पुलिस को सूचना मिलने पर एसएसआई विनोद जोशी फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पीएम हाउस भेजते हुए मृतक परिजनों को ढांढस बंधाया। एसएसआई ने बताया कि बच्चे का पोस्टमार्टम एक्सपर्ट डॉक्टरों के पैनल से कराया जा रहा है रिपोर्ट आने के बाद तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी। पुलिस के मुताबिक बच्चे के शरीर पर चोट के कहीं कोई निशान नहीं पाए गए।
तनाव के चलते पुलिस फोर्स तैनात
काशीपुर(उद संवाददाता)। संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता एक मासूम बच्चे की मौत हो गयी। जिससे उसके परिजनों में कोहराम मच गया। उसकी मां के आरोप के बाद तनाव के चलते घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार ढकिया गुलाबो मजार के समीप मानसिंह का लगभग दो वर्षीय पुत्र गतरात्रि लापता हो गया था। खोजबीन के बाद उसकी लाश बराबर के ही तालाब के समीप मिली जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक बच्चे की मां का आरोप था कि घर के समीप ही एक धार्मिक स्थल है जहां रहने वाले एक व्यक्ति ने बच्चे की हत्या की है। मामला दो सम्प्रदायों से जुड़ा होने के कारण मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल तनाव की स्थिति बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *