दबंगों का स्वीट हाउस स्वामी पर हमला
रूद्रपुर,(उद संवाददाता)। गत सायं गोल मढ़ैया ट्रांजिट कैंप में कुछ दबंगों ने लाठी डंडों और लोहे के सरिया आदि से स्वीट हाउस पर ताबड़तोड़ हमला कर वहां रखा सारा सामान क्षतिग्रस्त कर दिया और दुकान स्वामी को गंभीर रूप से घायल कर गल्ले में रखी हजारों की नकदी निकाल ली। मामले की तहरीर पुलिस को दे दी गयी है। घायल दुकान स्वामी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भर्ती कराया गया है। गोल मढैया ट्रांजिट कैंप निवासी सोनू पुत्र हरिराम ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि वह गत सायं अपनी गोल मढ़ैया स्थित सम्राट स्वीट हाउस पर रोज की तरह काम कर रहा था। इसी दौरान पड़ोसी दुकानदार नशे में उसके साथ गाली गलौच करने लगा। जब उसे ऐसा करने से मना किया तो उसने फोन से अपने कई दबंग साथियों को बुलवा लिया जिन्होंने लाठी डंडे, लोहे की राड व अन्य हथियारों से उसकी दुकान पर हमला कर सारा काउंटर तोड़ दिया तथा गल्ले में रखी 40हजार की नकदी निकाल ली। इतना ही नहीं, हजारों रूपए की तैयार मिठाई बाहर फेंक दी और अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। सोनू का कहना है कि हमलावरों ने उस पर लाठी डंडों से हमला कर दिया जिससे उसके सिर सहित शरीर के कई अंगों पर गहरी चोटें आ गयीं। शोर मचाने पर आसपास के कई लोगों के आ जाने से उक्त हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गये। इधर साय ंकाल मामले की जानकारी मिलते ही तमाम जनप्रतिनिधि व विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता घटनास्थल पर आ पहुंचे और घायल प्रतिष्ठान स्वामी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया जहां उसके सिर पर कई टांके लगे हैं। लोगों ने रात्रि में थाने पहुंचकर हमलावरों
के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
