Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

नववर्ष के जश्न में हुड़दंगियों ने की पुलिसकर्मियों से मारपीट

काशीपुर(उद संवाददाता)। कुंडेश्वरी रोड पर साई पब्लिक स्कूल के समीप स्थित सिल्वर स्टेट सोसाइटी में रात थर्टी फर्स्ट नाईट मनाते हुए शराब के नशे में चूर हुड़दंगियों ने पुलिसकर्मी से गाली गलौज मारपीट की। इस मामले में पुलिस ने एक पूर्व प्रधान समेत आधा दर्जन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जानकारी के मुताबिक थर्टी फर्स्ट नाइट के मौके पर क्षेत्र में दर्जनों स्थानों पर नूतन वर्ष के आगमन की तैयारियों को लेकर तमाम आयोजन किए गए। होटल ढाबों से लेकर गली मोहल्लों में भी थर्टी फर्स्ट नाईट को आधी रात तक लोगों ने खूब धमाल मचाया। शराब कबाब के बीच जश्न के माहौल में अलग-अलग स्थानों पर छिटपुट झगड़ों की भी सूचना रही। इसी क्रम में कुंडेश्वरी रोड पर सिल्वर स्टेट सोसाइटी नामक पॉश कॉलोनी में एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय पर थर्टी फर्स्ट नाइट मनाने का आयोजन रखा गया था। बताते हैं कि देर रात ग्राम गिरधई के पूर्व प्रधान के रुद्रपुर निवासी कुछ रिश्तेदार तथा ग्राम गिरधइ निवासी कुछ परिचित आयोजन में शामिल हुए। सूत्रें का कहना है कि उपरोक्त लोग डीजे की धुन पर शराब के नशे में चूर होकर हुड़दंग मचा रहे थे इस दौरान जब वही समीप रहने वाले पुलिसकर्मी ने ऐसा करने से मना किया तो उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। कोतवाली पुलिस को जब इसका पता चला तो उसने मौके पर पहुंचकर आरोपियों में से पूर्व प्रधान समेत आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए कोतवाली ले आई। खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *