Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

घर में छिपे प्रेमी युगल लाठी डंडों से पीटा

काशीपुर(उद संवाददाता)। घर में छिपे प्रेमी युगल को तड़के दरवाजा तोड़कर परिजनों ने बाहर खींच लिया और उनकी लाठी डंडों व अन्य हथियारों से बेरहमी से पिटाई कर जान से मारने की कोशिश की गयी जिससे दोनों को गंभीर चोटें आ गयीं। चीख पुकार की आवाज सुनकर लोगों ने प्रेमी युगल को बमुश्किल परिजनों से बचाया और उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए राजकीय अस्पतताल भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी आईटीआई थाना पुलिस को दे दी गई है। ग्राम बांसखेड़ा खुर्द निवासी युवक जो पेशे से पेंटर है उसका लगभग 3 वर्ष से एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसके चलते मध्यरात्रि युवती अपने कपड़े तथा जरूरी दस्तावेज समेट कर घर से फरार होकर प्रेमी के घर आ गई। दोनों फरार होने की तैयारी में थे। इसी दौरान युवती के परिजनों को जब युवती घर में मौजूद नहीं मिली तो उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की तथा उसके प्रेमी के घर आ धमके। आक्रोशित प्रेमिका के परिजनों ने प्रेमी के घर के एक के बाद एक तीन दरवाजे तोड़कर प्रेमी युगल को बाहर खींच लिया और दोनों की लाठी डंडों व अन्य हथियारों से बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। शोर-शराबा होने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी। घायल प्रेमी युगल को लोगों की मदद से राजकीय चिकित्सालय उपचार के लिए भर्ती कराया गया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रेमी युगल को परिजनों से नहीं बचाया जाता तो उनकी मौत भी हो सकती थी। प्रेमी युगल शादी की जिद पर अड़ा हैं और बालिग है। बताया जाता है कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व भी प्रेम प्रसंग के चलते प्रेमिका के परिजनों ने प्रेमी से मारपीट की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *