Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

फैक्ट्री श्रमिक को लूटकर हल्द्वानी मार्ग पर फेंका

रूद्रपुर। गतरात्रि अज्ञात लोगों ने सिडकुल स्थित फैक्ट्री के एक कर्मी को नशीला पदार्थ खिलाकर लूट लिया और उसे बेसुध अवस्था में हल्द्वानी मार्ग पर सड़क किनारे फेंक दिया और फरार हो गये। प्रातः राह गुजरते लोगों ने जब युवक को सड़क किनारे बेसुध अवस्था में देखा तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी साथ ही फैक्ट्री श्रमिक की पहनी ड्रेस के आधार पर फैक्ट्री अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही फैक्ट्री अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने श्रमिक को बेसुध हालत में पहले निजी चिकित्सालय और बाद में जिला चिकित्सालय पहुंचाया जहां उसकी हालत चिंताजनक देख उसे अन्यत्र रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलने पर श्रमिक के परिजन भी आ पहुंचे। जानकारी के अनुसार शक्ति विहार कालोनी निवासी हरीनादा राय सिडकुल स्थित फैक्ट्री में काम करता है। बताया जाता है कि गत सायं वह रोज की तरह फैक्ट्री में काम समाप्त कर रवाना हुआ था। आज प्रातः हल्द्वानी मार्ग पर राह गुजरते लोगों ने युवक को सड़क किनारे बेसुध अवस्था में पड़ा देखा और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस व फैक्ट्री प्रबंधन को दी। निजी एवं जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के पश्चात कुछ होश में आने पर हरिनादा ने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर लूट लिया है और उसे बेसुध अवस्था में सड़क किनारे फेंक गये। हरीनादा घटना की विस्तार से जानकारी नहीं दे पा रहा है। समाचार लिखे जाने तक उसे जिला चिकित्सालय से रेफर कर दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *