February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

विवाहिता को मार डाला….ससुराली मौके से फरार

रुद्रपुर।मोटरसाइकिल व एक लाख रूपए और दहेज मांग पूरी न होने पर ससुरालियों द्वारा विवाहिता की हत्या कर देने का मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने ससुरालियों के खिलाफ रपट दर्ज करा दी है। ग्राम सरकड़ा चीनी मिल सितारगंज निवासी राजेंद्र कुमार पुत्र राम बहादुर ने दर्ज रपट में कहा है कि ढाई वर्ष पूर्व उसकी पुत्री का विवाह ग्राम ओध सतैया फतेहगंज बरेली निवासी रवि कुमार पुत्र राम विलास से हुआ था। विवाह के दौरान सामर्थ्य के अनुरूप दान दहेज दिया लेकिन ससुराली इससे संतुष्ट नहीं हुए और कम दहेज का ताना देकर पति रवि, ससुर राम विलास, सास उर्मिला व देवर रविन्द्र आयेदिन उससे मारपीट करने लगे तथा मोटरसाइकिल और एक लाख रूपए दहेज की मांग करने लगे। राजेंद्र का आरोप है कि चार माह पूर्व ससुरालियों ने उसकी पुत्री की बेरहमी से पिटाई कर गंभीर रूप से घायल कर दिया जिस पर वह पुत्री को घर ले आया। करीब दो माह पूर्व उसके ससुराली मायके पहुंचे और भविष्य में मारपीट न करने का वचन देकर पुत्री को अपने साथ ले गये। राजेंद्र का आरोप है कि गत 2 दिसम्बर को ससुरालियों ने उसकी पुत्री की हत्या कर दी और घटना के पश्चात सभी ससुराली मौके से फरार हो गये।राजेंद्र का कहना है कि
ससुरालियों के पास पुत्री का डेढ़ वर्षीय पुत्र भी है। पुलिस ने रवि, राम विलास, उर्मिला व रविन्द्र के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *