Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

ट्रांसपोर्टर की कार का शीशा तोड़ 3 लाख उड़ाये

रुद्रपुर,6नवम्बर। गतरात्रि बिलासपुर मार्ग स्थित होटल में एक समारोह में गये ट्रांसपोर्टर की कार का शीशा तोड़ अज्ञात व्यक्ति ने कार की डिक्की में रखी लाखों की नकदी उड़ा ली। मामले की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और विस्तार से जानकारीली। मामले की तहरीर पुलिस को दे दी गयी है। जानकारी के अनुसार बब्बर ट्रांसपोर्ट के स्वामी नरेश बब्बर पुत्र स्व- वेद प्रकाश निवासी आदर्श कालोनी गतरात्रि बिलासपुर मार्ग स्थित सोनिया होटल में आयोजित समारोह में शामिल होने के लिए अपने भाई प्रवेश बब्बर एवं अन्य परिजनों रचना बब्बर, शालिनी बब्बर तथा बच्चों के साथ कार संख्या यूके-06एएस/9234 में सवार होकर गये थे। होटल परिसर में वाहन खड़ा करने की जगह न होने के कारण होटल के मुख्य द्वार पर तैनात गार्ड द्वारा होटल के समीप बनायी गयी अस्थायी पार्किंग में गाड़ी खड़ी करा दी गयी। प्रवेश ने बताया कि मध्यरात्रि करीब एक बजे जब परिवार समारोह से वापस लौटा तो कार का शीशा टूटा हुआ पाया। उन्होंने जब कार के भीतर की तलाशी ली तो डिक्की में थैले में रखे 3 लाख रूपए गायब थे साथ ही हैंड ब्रेक भी टेढ़ी थी। प्रवेश बब्बर ने आशंका जतायी कि अज्ञात व्यक्ति कार चोरी करने की फिराक में थे लेकिन ऐसा करने में असफल होने पर उन्होंने डिक्की की तलाशी ली जहां से थैले में रखी तीन लाख की नकदी उड़ा ली और फरार हो गये। मामले की सूचना तुरन्त कोतवाली पुलिस को दी गयी। सूचना मिलने पर एसआई जीआर गोला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। होटल के बाहर पार्किंग स्थल के समीप सीसी टीवी कैमरा न लगा होने के कारण उचक्कों का सुराग नहीं लगाया जा सका। मामले की तहरीर पुलिस को दे दी गयी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *