Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

घास काटने गये कर्मचारी की करंट से मौत

रुद्रपुर,29अक्टूबर। गत दिवस किच्छा स्थित सूरजमल इंजीनियरिंग कालेज के एक कर्मचारी की परिसर में करंट लग जाने से उस समय मौत हो गयी जब वह घास काटने के लिए गया था। जब देर सायं तक वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन की। जब कोई पता नहीं चला तो पुलिस को इसकी जानकारी दी गयी। रात्रि में जब कर्मचारी की कालेज परिसर में खोजबीन की गयी तो वहां उसका शव पाया गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। जानकारी के अनुसार ग्राम पंतपुरा किच्छा निवासी 19वर्षीय मनोज गंगवार पुत्र नत्थूलाल सूरजमल इंजीनियरिंग कालेज में कार्यरत था। बताया जाता है कि गत दिवस कालेज में अवकाश था और मनोज दोपहर घास काटने के लिए मैदान परिसर चला गया। जहां करंट लग जाने से उसकी मौके पर मौत हो गयी। इधर जब मनोज सायंकाल तक घर नहीं लौटा तो परिजनों को उसकी चिंता हुई। मोबाइल पर सम्पर्क करने पर भी रिसीव नहीं हुआ। सभी संभावित स्थानों पर खोजबीन करने के बाद जब मनोज का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को घटना से अवगत कराया। रात्रि में पुलिस ने परिजनों के साथ कालेज परिसर में खोजबीन की तो घास में मनोज मृत अवस्था में पाया गया। मनोज का शव देख परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। बताया जाता है कि मनोज दो भाईयों में बड़ा था व उसकी तीन बहनें भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *