Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

भाजपा नेता का एक और वीडियो वायरल,पार्टी से किया निलम्बित

रुद्रपुर। गत दिवस मेट्रोपोलिस सिटी में एक आला अधिकारी की पत्नी से छेड़छाड़ के मामले में एक भाजपा नेता की महिला के हाथों हुई चप्पलों से पिटाई के वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा नेता का एक और वीडियो वायरल हो गया है जिसमें कुछ लोग उसको पीट रहे हैं। बताया जाता है कि यह वीडियो एक साल पुराना है। फिलहाल यह वीडियो भी चर्चा का विषय बना हुआ है। भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा ने इस प्रकरण को गंभीरता से लते हुए कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है और तत्काल प्रभाव से अश्वनी अरोरा को पार्टी की सदस्यता से निलम्बित कर दिया गया है और इसकी जानकारी पार्टी के अालाधिकारियों को दे दी गयी है। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में इस प्रकार के मामलों में बख्शा नहीं जायेगा। वह पार्टी के किसी भी पद पर नहीं है और भाजपा का सामान्य कार्यकर्ता है। उसे 6 वर्ष पूर्व भी पार्टी से निकाल दिया गया था। तत्काल प्रभाव से उसकी सदस्यता निलम्बित कर दी गयी है। इस वीडियो में भाजपा नेता शराब पीकर उत्पात मचाता हुआ व गंदी गालियां देता दिखायी दे रहा है। पहले तो भाजपा नेता की इस करतूत को लोग देखते रहे लेकिन जब अती हो गयी तो लोगों ने उसे पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। वहां भी भाजपा नेता जैसे तैसे अपने आपको बचाकर वहां से बच निकला। कल महिला के हाथों चप्पलों से हुई धुनाई के बाद उसका यह वीडियो भी वायरल हो चुका है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में तैनात एक आईपीएस अधिकारी की पत्नी मेट्रोपोलिस सिटी में किराये के मकान में रहती है और पीसीएस की तैयारी कर रही है जहां सितारगंज के भाजपा कार्यकर्ता अश्वनी अरोरा ने भी मकान किराये पर ले लिया। आईपीएस अधिकारी की पत्नी के मुताबिक करीब एक माह पूर्व उसने कालोनी के किसी व्यक्ति से अपने लिए फ्रलैट देखने को कहा था जिस पर अरोरा ने उसे एक फ्रलैट बिक्री होने की बात बताकर उसका मोबाइल नम्बर ले लिया और उसके मोबाइल पर मैसिज भेजने लगा जिससे उक्त महिला परेशान हो गयी और उसने अरोरा को मोबाइल पर ब्लॉक कर दिया। कुछ दिन बाद भाजपा नेता अरोरा भी उसी जिम में जाने लगा गया जहां वह महिला जाती थी। गत दिवस जब उक्त महिला जिम में कसरत कर रही थी तो अरोरा वहां के रिकॉर्ड में उसकी डिटेल खंगालने लगा। इसकी जानकारी जब महिला ने सोसायटी के पदाधिकारियों को दी इसी दौरान अरोरा ने उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद सोसायटी के पदाधिकारी वहां पहुंच गये और मामले का संज्ञान लेते ही आक्रोशित हो गये और भाजपा नेता अरोरा को उन्होंने पकड़ लिया। आक्रोशित महिलाओं ने मौके पर ही उसे चप्पलों से बुरी तरह पीट डाला जिस पर अरोरा ने उसके पैर छूकर माफी मांगी। तब जाकर कहीं मामला शांत हुआ। बाद में हुई कालोनी की बैठक में यह तय किया गया कि उसे इस कालोनी में नहीं रहने दिया जायेगा। बताया जाता है कि अरोरा ने पूर्व में भी शराब पीकर भाजपा के आला पदाधिकारी से अभद्रता की थी जिसके चलते उसे पार्टी से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया था लेकिन बाद में उसने अपनी गलती की माफी मांगी थी जिस पर उसे दोबारा पार्टी में शामिल कर लिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *