February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दुकान में आग लगने से लाखों का माल राख

दिनेशपुर। गतरात्रि अज्ञात कारणों के चलते एक दुकान में आग लग गयी। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक दुकान में रखा लाखों का माल जलकर राख हो गया। आग बुझाने के प्रयास में दुकान स्वामी भी झुलस गया। आसपास के लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। अग्निकांड की इस घटना से क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के मुताबिक नगर के राजेंद्र उपाध्याय की चक्कीमोड़ बाजार में सर्वोदय पुस्तक भंडार और कॉस्मेटिक सेंटर की दुकान है। गतरात्रि वह दुकान बंद कर घर चले गये। गतरात्रि करीब 2-30बजे आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं उठता देखा तो इसकी सूचना दुकान स्वामी राजेंद्र को दी। सूचना मिलने पर दुकान स्वामी दुकान पर पहुंचे तो देखा कि पूरी दुकान धुएं से घिरी थी। उन्होंने जैसे ही दुकान का शटर खोला तो आग का तेज भभका उनसे भी जा टकराया जिसमें वह झुलस गये। भीतर दुकान पूरी तरह से जल रही थी जिससे वहां हड़कम्प मच गया। आसपास के लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। तब तक दुकान में रखा स्टेशनरी और कॉस्मेटिक का सारा सामान जलकर राख हो गया। दुकान में हजारों की नकदी भी आग की चपेट में आ गयी। दुकान स्वामी के मुताबिक कम से कम इस अग्निकांड में 8-10 लाख का नुकसान हो गया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि संभवतः शार्ट सर्किट के कारण दुकान में आग लगी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *