Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कल्याणी नदी की सफाई का कार्य हुआ शुरू

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के निर्देश के पश्चात नगर निगम एवं सफाई विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आज से कल्याणी नदी की सफाई का कार्य प्रारम्भ किया गया। अटरिया मार्ग स्थित अटरिया पुल के नीचे से जेसीबी मशीन की मदद से सफाई कार्य प्रारम्भ हुआ जो मुखर्जीनगर, जगतपुरा, रम्पुरा, ट्रांजिट कैंप, आजादनगर, भूतबंगला, दरियानगर आदि मोहल्लों से होकर कल्याणी नदी की सफाई की जायेगी। गौरतलब है कि कल्याणी नदी को निर्मल बनाने के लिए पिछले कई दशकों से निरन्तर मांग की जाती रही है। पूर्व में तत्कालीन जिलाधिकारी द्वारा कल्याणी नदी को साफ सुथरा बनाने के लिए कई योजनाएं बनीं लेकिन अधिकांश योजनाएं कागजों तक ही सीमित होकर रह गयीं। नगर निगम एवं सिंचाई विभाग की निरन्तर उपेक्षा के कारण कल्याणी नदी निरन्तर अतिक्रमण की चपेट में आती रही। आज अनेक स्थानों पर कल्याणी नदी नाले का रूप ले चुकी है। जगतपुरा, रविंद्रनगर, आजादनगर, भूतबंगला आदि मोहल्लों में कल्याणी नदी के दोनों और सैकड़ों की संख्या में अवैध रूप से निर्माण कार्य कराये जा चुके हैं। पूर्व में वर्षा के दौरान कल्याणी नदी में आने वाली बाढ़ से कई लोगों की जान भी जा चुकी है और सैकड़ों परिवार इससे प्रभावित हुए लेकिन शासन प्रशासन ने इससे कोई सबक नहीं लिया। आज भी कल्याणी नदी में बेबाक अतिक्रमण हो रहे हैं जिसे प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारी स्वयं अपनी आंखों से देख रहे हैं और अतिक्रमण हटाने की जहमत कोई अधिकारी नहीं उठा रहा। बीते दिनों कांग्रेस नेता एवं समाज सेवी नंदलाल प्रसाद ने कल्याणी नदी की सफाई के लिए अभियान शुरू करने की बात कही और उन्होंने इसकी अनुमति के लिए नगर निगम एवं जिला प्रशासन के साथ ही उत्तराखण्ड सरकार से भी पत्रचार किया था। अब सीएम के निर्देश के पश्चात नगर निगम एवं सिंचाई विभाग ने कल्याणी नदी को पूर्ण रूप से साफ करने का कार्य प्रारम्भ किया है। वर्तमान में कल्याणी नदी गंदगी के अम्बार के रूप में परिवर्तित हो चुकी है। यहां प्रदूषित पानी बहता है। रविन्द्रनगर में कल्याणी नदी में स्थित छठ पूजा स्थल में प्रतिवर्ष पूर्वी समाज के लोगों द्वारा छठ पूजा की जाती है लेकिन नदी में प्रदूषित पानी होने के कारण समाज के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नगर निगम एवं सिंचाई विभाग द्वारा कल्याणी नदी की सफाई का कार्य प्रारम्भ तो किया गया लेकिन यह अपने मुकाम तक पहुंच पाता है या नहीं यह भविष्य बतायेगा। क्योंकि पूर्व में इतिहास बताता है कि निगम प्रशासन द्वारा जनहित में जो भी कार्य प्रारम्भ किये किन्हीं न किन्हीं कारणों के बीच में ही रोक दिये गये। आज अटरिया पुल के नीचे प्रारम्भ किये गये सफाई अभियान का समाजसेवी नंदलाल प्रसाद सहित कई अधिकारियों ने भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिये। नंदलाल ने सफाई अभियान प्रारम्भ करने पर नगर निगम व प्रशासन का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *