February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दिनेशपुर में नशेड़ी युवकों ने होटल में की फायरिंग

रुद्रपुर/दिनेशपुर। गतरात्रि दिनेशपुर में नगर पंचायत कार्यालय के समीप एक होटल में शराब के नशे में युवकों के दो गुटों में किसी बात को लेकर जमकर मारपीट हो गयी। इस दौरान फायरिंग भी हुई तथा होटल में जमकर तोड़फोड़ की गयी। इस घटना में दो युवकों को गंभीर चोटें आ गयीं। सूचना मिलने पर पुलिस ने होटल में पहुंचकर तीन युवकों को अपनी हिरासत में ले लिया और घायल युवकों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जानकारी के अनुसार नगर पंचायत कार्यालय के समीप स्थित एक होटल में गतरात्रि कुछ युवक शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर युवकों के दो गुटों में तीखी नोंकझोंक हो गयी। देखते ही देखते दोनों गुट एक दूसरे से मारपीट करने लगे और होटल में रखा फर्नीचर एक दूसरे पर फेंकने लगे। घटना से होटल में मौजूद अन्य लोगों में अफरा तफरी मच गयी। मारपीट कर रहे युवकों में किसी ने फायरिंग भी की। मामला बिगड़ते देख किसी ने घटना की सूचना तुरन्त पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कई पुलिसकर्मी मौके पर आ पहुंचे। पुलिस ने मौके से तीन युवकों को हिरासत में ले लिया जिनमें दो गंभीर रूप से घायल थे। दोनों घायल युवकों ग्राम खटोला नं- 1 निवासी जगदीश कार्की पुत्र नैन सिंह व मनोज बेलवाल पुत्र नंदाबल्लभ को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां उन्हें भर्ती किया गया है। वहीं ग्राम के ही निवासी एक अन्य युवक अमित को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। क्षेत्र में चर्चा है कि होटल में पुलिस की सांठगांठ से पिछले काफी समय से अवैध शराब की बिक्री की जाती है और यहां असामाजिक तत्वों का भी आना जाना लगा रहता है। समाचार लिखे जाने तक दोनों घायल युवकों का पुलिस संरक्षण में जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है और पुलिस ने मामले पर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *