February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

युवा कार्यकर्ता बनेंगे कांग्रेस का मुख्य आधारःरावत

रुद्रपुर,27 सितम्बर। देवभूमि उत्तराखंड में युवक कांग्रेस को मजबूत करने के लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को एकजुट किया जायेगा। भविष्य में युवा कार्यकर्ता कांग्रेस के लिए मजबूत आधार साबित होंगे जिसके दम पर आगामी निकाय एवं लोकसभा चुनाव में पार्टी ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी। यह बात युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम रावत ने आज यहां युकां जिलाध्यक्ष अभिषेक शुक्ला के आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा शीघ्र ही प्रदेश में कई कार्यक्रम प्रारम्भ किये जायेंगे जिसमें बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने, संगठन के साथ अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने, प्रदेश में बेरोजगार युवाओं का पलायन रोकने एवं भारत बचाओ आंदोलन के साथ कई कार्यक्रम आयोजित होंगे जिसकी रणनीति बनाने के लिए शीघ्र ही देहरादून में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की जायेगी। श्री रावत ने कहा कि युवा कार्यकर्ता निकाय एवं लोक सभा चुनाव की तैयारियों के लिए पूरी तरह से तैयार हैं और इसके लिए बूथ स्तर पर भी कार्यकर्ताओं को पार्टी के सिद्धांतों को जनजन तक पहुंचाने की जिम्मेदारियां सौंपी गयी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त युवा वर्ग निरन्तर कांग्रेस के साथ जुड़ रहा है जिसका परिणाम आगामी चुनाव में देखने को मिलेगा। श्री रावत ने कहा कि संगठन में सभी कार्यकर्ताओं केा साथ लेकर चला जायेगा तथा किसी भी तरह की गुटबाजी को पनपने नहीं दिया जायेगा। यदि किसी कार्यकर्ता की उपेक्षा का मामला सामने आता है तो तत्काल ऐसे कार्यकर्ता को पूरा सम्मान दिया जायेगा। वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष अभिषेक शुक्ला, जिला प्रभारी विशाल नेगी, महासचिव निशांत शाही व उपाध्यक्ष राकेश बिष्ट आदि मौजूद थे। श्री रावत ने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक भी आयोजित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *