बाइकों की भिड़ंत में डिग्री कालेज के छात्र की मौत
रुद्रपुर।सड़क हादसे में डिग्री कालेज के एक छात्र की मौत हो गयी जिससे महाविद्यालय में शोक की लहर दौड़ गयी। वहीं छात्र की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार शुगर फैक्ट्री किच्छा निवासी ऋषभ यादव पुत्र धर्मेन्द्र यादव सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महा विद्यालय में बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। गत सायं वह बाइक पर जा रहा था कि शुगर फैक्ट्री गेट पर एक अन्य बाइक ने उसको टक्कर मार दी जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए किच्छा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए रूद्रपुर के निजी अस्पताल भर्ती कराया गया जहां गतरात्रि उसने दम तोड़ दिया। उसके सिर पर गंभीर चोटें आयी थीं। मृतक तीन भाईयों में सबसे बड़ा था और उसके पिता शुगर फैक्ट्री में कार्यरत हैं। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं छात्र संघ में भी शोक की लहर दौड़ गयी।
