Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून में आपदा प्रभावित परिवारों से की भेंट

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून में आपदा प्रभावित परिवारों से भेंट कर उनकी पीड़ा और परिस्थितियों को निकट से जाना। प्रभावितजनों से संवाद के दौरान उन्होंने विश्वास दिलाया कि आपदा की इस घड़ी में केंद्र और राज्य सरकार पूरी शक्ति व संसाधनों के साथ हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। प्रधानमंत्री ने आपदा से क्षतिग्रस्त घर, स्कूल, होटल, खेत, बागवानी व बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण हेतु विशेष सहायता दिए जाने हेतु पीड़ितों को आश्वस्त किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यदि इस कार्य में कोई नियम बाधा बनता है तो उसमें बदलाव भी करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवभूमि उत्तराखण्ड के प्रति प्रधानमंत्री के इस विशेष स्नेह और संवेदनशीलता के लिए समस्त प्रदेशवासियों की ओर से उनका आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ एवं उत्तराखण्ड पुलिस की टीम एवं आपदा मित्र स्वयंसेवकों के साथ भी संवाद किया। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के अनुसार इस दौरान प्रधानमंत्री ने प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में इनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की और उनके अनुभवों को सुना।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने आपदा की प्रतिकूल परिस्थिति में राज्य सरकार द्वारा संचालित राहत और बचाव कार्यों में पूर्ण सहयोग किया। जिसके परिणामस्वरूप एनडीआरएफ की टीम, हेलीकॉप्टर एवं अत्याधुनिक उपकरणों का प्रयोग करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल मदद उपलब्ध कराई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *