Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अवैध संबंधों के चलते हुई थी सचिन चौहान की हत्या, जीजा और साले को किया गिरफ्तार

रुद्रपुर।काशीपुर के कुंडा क्षेत्र में 4 सितंबर को हुई एक युवक की रहस्यमय मौत का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए हत्यारोपी जीजा साले को गिरफ्रतार कर लिया है। जिन्होंने प्रेम संबंध में बाधा बन रहे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने की भी नाकाम कोशिश की गई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की सघन जांच ने पूरे मामले की परतें खोल दीं। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि 4 सितंबर को कुंडा थाना क्षेत्र में एक युवक के घायल होने की सूचना पुलिस को मिली थी, जिसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरूआती तौर पर मामला सड़क हादसे जैसा प्रतीत हुआ, मगर पुलिस को परिस्थितियां संदिग्ध लगीं। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के आजमपुर निवासी सचिन कुमार चौहान के रूप में हुई। एसएसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सिर में छर्रे लगने की पुष्टि हुई, जिससे साफ हो गया कि यह दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या थी। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं, जिन्होंने घटनास्थल व आसपास के 450 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और परिजनों से गहन पूछताछ की। जांच में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने 8 सितंबर को बैलपड़ाव ;रामनगरद्ध से एक संदिग्ध युवक जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी को हिरासत में लिया। पूछताछ में जसप्रीत ने कबूला कि उसने अपने साले सोनू वर्मा के साथ मिलकर सचिन चौहान की हत्या की है। इस पर कार्रवाई करते हुए 9 सितंबर को पुलिस ने काशीपुर बाईपास से सोनू वर्मा को भी गिरफ्रतार कर लिया। पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला कारण सामने आया। मृतक की पत्नी से सोनू वर्मा के प्रेम संबंध थे और सचिन इसका विरोध करता था। एसएसपी मिश्रा ने बताया कि सचिन चौहान द्वारा पत्नी से मारपीट किए जाने और रिश्ते में तनाव के चलते सोनू वर्मा ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके तहत आरोपी जसप्रीत ने बाइक गिरवी रखने के बहाने सचिन को पुल के पास बुलाया और वहां सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। बाद में शव को सड़क पर इस प्रकार फेंका गया जिससे लगे कि हादसे में मौत हुई है। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी सच्चाई उजागर कर दी। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा और बाइक भी बरामद कर ली है। एसएसपी ने बताया कि आरोपी जसप्रीत सिंह एक कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या का प्रयास, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, चोरी और दहेज उत्पीड़न जैसे आठ गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड दोनों में आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है। एसएसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *