प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम : एमआई .17 हेली कॉप्टर से उत्तराखंड के आपदाग्रस्त इलाकों का हवाई निरीक्षण करेंगे
केंद्र सरकार से 5702 करोड़ रुपये की राहत राशि की मांग की गई
देहरादून(उद संवाददाता)। उत्तराखंड में इस वर्ष लगातार आई प्राकृतिक आपदाओं ने जहां जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया, वहीं सरकारी संपत्तियों को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। इसी के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार शाम को उत्तराखंड के आपदा प्रभावित क्षेत्रें का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और तत्पश्चात तीन महत्वपूर्ण बैठकों में भाग लेंगे। उनके दौरे को लेकर देहरादून से लेकर दिल्ली तक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, सुरक्षा के व्यापक और कड़े इंतजाम किए गए हैं।प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम शाम 4ः15 बजे विशेष विमान से दिल्ली से देहरादून पहुंचने के साथ शुरू होगा। इसके बाद वह एमआई .17 हेली कॉप्टर के माध्यम से प्रदेश के आपदाग्रस्त इलाकों का हवाई निरीक्षण करेंगे। उनके साथ आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। हवाई सर्वेक्षण के बाद प्रधानमंत्री मोदी शाम 5ः45 बजे स्टेट गेस्ट हाउस, देहरादून में बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे और उनकी आपबीती सुनेंगे। इसके बाद 5ः55 बजे वह एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्र टीमों के साथ बातचीत करेंगे, जिन्होंने मूसलधार बारिश, भूस्खलन और बाढ़ जैसी स्थितियों में राहत कार्यों को अंजाम दिया। अंत में 6ः05 बजे प्रधानमंत्री मोदी एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, मुख्य सचिव, आपदा प्रबंधन, गृह, वित्त और अन्य विभागों के प्रमुख अधिकारी शामिल होंगे। राज्य में इस वर्ष भारी बारिश और भूस्खलन से अब तक की सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदाएं देखी गईं। केदारनाथ के बाद यह राज्य का सबसे बुरा आपदा काल माना जा रहा है। प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, केवल सरकारी संपत्तियों का ही लगभग 1900 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है, जिसमें पुल, सड़कें, भवन और अन्य अधोसंरचनाएं शामिल हैं। वहीं 5702 करोड़ रुपये की राहत राशि की मांग केंद्र सरकार से की गई है। राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर केंद्रीय टीम पहले ही निरीक्षण कर चुकी है और अंतिम निर्णय प्रधानमंत्री मोदी की समीक्षा बैठक के बाद लिया जा सकता है। प्रधानमंत्री मोदी के आगमन को देखते हुए जौलीग्रांट एयरपोर्ट को हाई अलर्ट जोन में तब्दील कर दिया गया है। पूरे परिसर में चप्पे.चप्पे पर पुलिस, एसपीजी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई है। एयरपोर्ट पर सुरक्षा को लेकर एडीजी वी मुरूगेशन, एडीजी इंटेलिजेंस एपी अंशुमन, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, एसपी मंजूनाथ टीसी सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी हवाई अîóे का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। ऊर्जा निगम, दूरसंचार, लोनिवि, वन विभाग जैसे विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम करीब 7 बजे देहरादून से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। इससे पूर्व वह सभी कार्यक्रमों की समाप्ति के उपरांत एयरपोर्ट पर आयोजित संक्षिप्त समापन ब्रीफिंग में भी भाग ले सकते हैं।
