रानीखेत में शुरू हुई उत्तराखंड की पहली अग्निवीर भर्ती रैली
रानीखेत (उद संवाददाता)। कुमाऊं रेजीमेंटल सेंटर के सोमनाथ ग्राउंड में उत्तराखंड की पहली अग्निवीर भर्ती रैली का भव्य शुभारंभ गुरुवार को हुआ। रैली की शुरुआत मुख्यालय भर्ती जोन लखनऊ के प्रमुख मेजर जनरल मनोज तिवारी ने की। इस रैली में पहले दिन करीब एक हजार युवा भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुए। रैली का प्रारंभ 1.6 किलोमीटर दौड़ से हुआ। दौड़ में सफल उम्मीदवारों का लंबाई, सीना और वजन मापा गया। इसके बाद उन्हें 9 फीट गîक्का कूद, बैलेंसिंग और अन्य शारीरिक दक्षता परीक्षणों से गुजरना पड़ा। पहले दिन बागेश्वर जिले की छह तहसीलों बागेश्वर, दुगनाकुरी, गरुड़, कपकोट, कांडा और कौसानी के युवा मैदान में उतरे। मेजर जनरल मनोज तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं का सेना के प्रति समर्पण और आकर्षण ऐतिहासिक रहा है। अग्निपथ योजना के अंतर्गत अग्निवीरों की भर्ती इस भावना को और सशक्त करेगी। राज्य के विभिन्न जिलों में आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से भर्ती रैलियां आयोजित होंगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि देहरादून, चंपावत समेत अन्य जिलों में भी जल्द ही भर्ती रैलियां होंगी। इसके अतिरिक्त महिलाओं के लिए विशेष पुलिस भर्ती अभियान चलाया जाएगा। रैली में सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से चाक.चौबंद इंतजाम किए गए हैं। रानीखेत एसएसबी की निगरानी में पुलिस बल तैनात है। महिला प्रतिभागियों और उनके परिजनों के लिए भोजन और आवास की व्यवस्था स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा की गई है। खास बात यह रही कि सुबह 2ः30 बजे से ही मैदान के बाहर युवाओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरतने के लिए पहली बार एक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी स्थापित किया गया है, ताकि किसी भी दलाली या भ्रष्टाचार की आशंका को जड़ से समाप्त किया जा सके।
