एसडीएम की कार डिवाइडर से टकराई,पत्नी सहित घायल
रामनगर(उद संवाददाता)। राष्ट्रीय राजमार्ग 309 पर पीरूमदारा क्षेत्र एक बार फिर हादसे का गवाह बना। देर रात उत्तर प्रदेश के संभल के एसडीएम विकास चंद्रा अपनी पत्नी के साथ कार से रामनगर आ रहे थे, तभी अचानक उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना में एसडीएम और उनकी पत्नी घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, एसडीएम विकास चंद्रा स्वयं कार चला रहे थे। रामनगर से लगभग दस किलोमीटर पहले, पीरूमदारा क्षेत्र में उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और दोनों घायलों को तत्काल पीरूमदारा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें काशीपुर स्थित केवीआर अस्पताल रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान पर यह हादसा हुआ है, वह क्षेत्र पहले से ही दुर्घटना संभावित माना जाता है। हाल ही के दिनों में यहाँ दस से अधिक सड़क हादसे हो चुके हैं। हाल ही में दिल्ली से आए यात्रियों का एक टेंपो ट्रैवलर भी इसी स्थान पर पलट गया था। इसके अलावा इससे पूर्व भी कई बार वाहन डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिससे यात्रियों की जान पर बन आई है। पीरूमदारा चौकी प्रभारी सुनील धानिक ने बताया कि यह डिवाइडर लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है ताकि इस डिवाइडर को हटाया जाए या फिर इसका पुनर्निर्माण किया जाए। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग से मांग की है कि पीरूमदारा क्षेत्र के इस खतरनाक डिवाइडर को तुरंत हटाया जाए या इसका ढांचा सुधारकर दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जाए।
