Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कांग्रेस की रायशुमारी में जमकर चले लात घूंसे : पर्यवेक्षक के सामने कांग्रेस के दो गुटों में टकराव

रूद्रपुर(उद संवाददाता)। महानगर अध्यक्ष के चयन को लेकर सिटी क्लब में बुलाई गई कांग्रेस की रायशुमारी बैठक में कांग्रेस की गुटबाजी खुलकर सामने आ गयी। पर्यवेक्षक के सामने कांग्रेस के दो गुटों में टकराव हो गया। इस दौरान जमकर हाथापाई हुयी। मारपीट में कुछ कार्यकर्ताओं के चोटिल होने की खबर हैं। कांग्रेस के एक नेता को मारपीट के बाद अस्पताल भर्ती कराना पड़ा। जानकारी के मुताबिक सिटी क्लब में महानगर अध्यक्ष के चयन को लेकर राय शुमारी बैठक आयोजित की गयी थी। जिसमें दिल्ली से ऑल इंडिया कांग्रेस के नरेश कुमार के अलावा देहरादून से पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा भी पर्यवेक्षक पहुंचे थे। बैठक की शुरूआत में वरिष्ठ नेताओं के स्वागत सम्मान का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान मंच पर बैठने को लेकर कांग्रेस के दो गुटों में नोंक झोंक शुरू हो गयी। कुछ ही देर में विवाद गाली गालौच और हाथापाई तक पहुंच गया। महानगर अध्यक्ष पद के दावेदार संजय जुनेजा और मौजूदा महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा पक्ष के लोग पर्यवेक्षकों के सामने ही आमने सामने आ गये और दोनों पक्षों में टकराव शुरू हो गया। आरोप प्रत्यारोपों के बीच दोनों पक्षों में हाथापाई हुई। इस दौरान कई कार्यकर्ता चोटिल हो गये। हंगामे और मारपीट के बीच कांग्रेस नेता राजेन्द्र मिश्रा भी घायल हो गये। मारपीट की शिकायत के बाद राजेन्द्र मिश्रा अन्य कांग्रेसियों के साथ शिकायत करने के लिए आदर्श कालोनी चौकी पहुंच गये। बताया जाता है कि चौकी में वार्तालाप चल ही रहा था कि इसी बीच अचानक राजेन्द्र मिश्रा की तबियत तेजी से बिगड़ गयी और वह बेहोश होकर गिर पड़े। जिससे मौके पर हड़कम्प मच गया। मौके पर मौजूद कांग्रेसी उन्हें आनन फानन में अस्पताल ले गये, जहां उनका उपचार चल रहा है। बताया जाता है कि राजेन्द्र मिश्रा को दिल का दौरा पड़ा है। उधर दूसरे गुट के कांग्रेसी राजेन्द्र मिश्रा की तबियत बिगड़ने का कारण मारपीट बता रहे हैं। कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक में हुई मारपीट का मामला शहर में चर्चा का विषय बन गया है। मामले में दोनों गुट एक दूसरे के खिलाफ तहरीर देने की तैयारी कर रहे थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *