नए स्मार्ट मीटर लगाने के पश्चात अप्रत्याशित विद्युत बिलों के खिलाफ गरजे व्यापारी
रुद्रपुर(उद संवाददाता)। भारी विरोध के बावजूद विद्युत विभाग द्वारा लोगों के भवनों मेें लगे पुराने सही विद्युत मीटरों को हटाकर नए स्मार्ट मीटर लगाने के पश्चात उपभोक्ताओं के पास आ रहे अप्रत्याशित धनराशि के विद्युत बिल के विरोध में आज व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में दर्जनों व्यापारियों ने नगर निगम के सामने स्थित विद्युत कार्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। और विद्युत उपमहाप्रबंधक देवेन्द्र कुमार जोशी को ज्ञापन सौपा। संजय ने कहा कि एक ओर विद्युत विभाग द्वारा घण्टों विद्युत कटौती कर व्यापारी समाज के समक्ष परेशानियां खड़ी की जा रही है। तो वहीें दूसरी ओर उपयोग मेें लाई गई विद्युत के अनाप-शनाप बिल भेजकर व्यापारियों का आर्थिक और मानसिक रूप से उत्पीड़न भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा अनेक उपभोक्ताओं को लाखों रूपये के बिल भेज दिये जा रहे है। जो विभाग की लापरवाही को दर्शाता है। अध्यक्ष संजय ने कहा कि जब से विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर लगाए गये है यह समस्या तेजी से सामने आ रही है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से नए स्मार्ट मीटर हटाकर पुनः पुराने इलैक्ट्रोनिक मीटर लगाने की मांग की। इस दौरान मनोज छाबड़ा, संदीप राव, अंशुल अग्रवाल, श्याम अग्रवाल, अंकित खण्डेलवाल, संदीप चौहान, अजय भारद्वाज, सचिन अग्रवाल, राजकुमार सीकरी व हरपाल सिंह सहित तमाम व्यापारी मौजूद थे।
