Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

लगातार बारिश से कोसी नदी उफान पर, प्रशासन ने किया सतर्क

रामनगर। जिले में हो रही लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बरसाती नालों और पहाड़ी इलाकों से आए तेज बहाव के कारण रामनगर में कोसी नदी का जलस्तर खतरनाक स्थिति तक पहुंच गया है। सोमवार सुबह नदी का जलस्तर 28,000 क्यूसेक से अधिक दर्ज किया गया, जो लगातार बढ़ रहा है। सिंचाई विभाग ने सुरक्षा की दृष्टि से रामपुर, दड़ियाल, बरेली, काशीपुर और मुरादाबाद सहित मैदानी क्षेत्रों में सायरन बजाकर व मोबाइल फोन संदेशों के माध्यम से अलर्ट जारी किया। नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए। सिंचाई विभाग के एई राजीव खनुलिया ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर टीमें तैनात कर दी गई हैं। जानकारी के अनुसार कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने की एक वजह अल्मोड़ा क्षेत्र से छोड़ा गया पानी भी है। साथ ही मोहान क्षेत्र के आसपास बहने वाले धनगढ़ी, पनोद, छोटा पनोद, सुंदरखाल और पनियाली जैसे बरसाती नालों ने भी नदी में पानी की मात्रा बढ़ा दी है। स्थानीय प्रशासन ने आशंका जताई है कि लगातार बारिश से हालात और गंभीर हो सकते हैं। बारिश के चलते कई पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। कई स्थानों पर सड़कें मलबा आने से बंद हो गई हैं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने एनएच-309 समेत अन्य मार्गों पर अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है। कोसी बैराज पर एक दिलचस्प नजारा भी देखने को मिला, जहां तेज बहाव से बहकर आया एक सांप किनारे की ओर बढ़ने की कोशिश में बैराज के ताश पर बैठा नजर आया। इस बीच मौसम विभाग ने नैनीताल, चंपावत, उधम सिंह नगर सहित कई जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। सुरक्षा की दृष्टि से नैनीताल जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों को बंद रखने के आदेश पहले ही जारी किए जा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *