उत्तराखण्ड में लगातार बारिश से मार्ग हो रहे बाधित: चारधाम एवं हेमकुंट साहिब यात्रा को 5 सितम्बर तक स्थगित
देहरादून। उत्तराखण्ड में लगातार जारी बारिश को देखते हुए, सरकार ने चारधाम और हेमकुंट साहिब यात्रा 5 सितंबर तक के लिए स्थगित कर दी है। गढ़वाल कमिश्नर श्री विनय शंकर पांडेय ने बताया कि भारी बारिश से प्रदेश में कई जगह भूस्खलन या मलबा आने से मार्ग बाधित हो रहे हैं। जिन्हें सरकार प्राथमिकता पर खोल रही है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा ओर सुविधा को देखते हुए, फिलहाल चारधाम एवं हेमकुंट साहिब यात्रा को 05 सितम्बर 2025 तक स्थगित किए जाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे प्रतिकूल मौसम की स्थिति को देखते हुए फिलहाल यात्रा मार्गों पर प्रस्थान न करें तथा प्रशासन द्वारा जारी परामर्श का पालन करें। मौसम सामान्य होने एवं मार्ग पूरी तरह सुरक्षित पाए जाने के उपरांत यात्राओं को पुनः प्रारम्भ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा सड़क मार्गों की निगरानी, सफाई तथा यात्रियों की सुरक्षा हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि धैर्य एवं संयम बनाए रखें तथा यात्रा संबंधी अद्यतन जानकारी के लिए प्रशासनिक नियंत्रण कक्ष से सम्पर्क करते रहें।
जनपद रुद्रप्रयाग में हो रही लगातार बारिश और मौसम विभाग द्वारा अगले तीन दिनों तक भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा को 1 सितम्बर से 3 सितम्बर तक अस्थायी रूप से स्थगित करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।जिलाधिकारी श्री प्रतीक जैन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं, अपर जिलाधिकारी श्री श्याम सिंह राणा ने जानकारी दी कि मौसम केंद्र देहरादून द्वारा क्षेत्र में आगामी तीन दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि यह निर्णय पूरी तरह से यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से लिया गया है। जिलाधिकारी ने यात्रियों से अपील की है कि वे फिलहाल अपनी यात्रा को स्थगित करें और अपने घरों में सुरक्षित रहें। जो यात्री पहले से यात्रा पर हैं, उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रुकने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया गया है।
अगले 24 घंटों में प्रदेश के जनपद बागेश्वर, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार,नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, ऊधमसिंह नगर के अलग-अलग स्थानों यथा- मसूरी, ऋषिकेश, काशीपुर, कपकोट, लक्सर, रूड़की, लोहाघाट, चकराता, कोटद्वार, रामनगर, लैंसडाउन, खटीमा,चंबा, घनसाली तथा इनके आस पास वाले क्षेत्रों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी वर्षा / बिजली के साथ तूफान / बहुत तीव्र से अत्यधिक तीव्र वर्षा होने की संभावना है।

