स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सात गिरफ्तार
हरिद्वार(उद संवाददाता)। शहर के पॉश इलाके में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का बुधवार सुबह भंडाफोड़ हुआ। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल और थाना सिडकुल पुलिस की संयुक्त टीम ने पेंटागन मॉल स्थित एक स्पा सेंटर पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान यहां से ऋषिकेश निवासी दो युवक और पांच महिलाएं आपत्तिजनक हालत में पकड़ी गईं। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर थाने लाकर पूछताछ की और अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी सिटी पंकज गैरोला ने बताया कि गिरोह की सरगना महिला, पत्नी अनुभव निवासी आरके पुरम कॉलोनी थाना सिडकुल है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि महिला लंबे समय से अन्तर्राज्य स्तर पर देह व्यापार गिरोह संचालित कर रही थी। वह हरियाणा, उत्तरप्रदेश, दिल्ली और मुजफ्फरनगर से युवतियों को बहला-फुसलाकर लाती और यहां स्पा सेंटर तथा ब्यूटी सैलून की आड़ में धंधा चलवाती थी। इसके लिए बाकायदा नेटवर्क तैयार किया गया था और ग्राहकों को मोबाइल व सोशल मीडिया के जरिए संपर्क कर बुलाया जाता था। पुलिस के अनुसार छापेमारी में पकड़े गए युवकों की पहचान सचिन और गणेश निवासी ऋषिकेश के रूप में हुई है। गिरफ्तार महिलाओं से भी पूछताछ जारी है, जिनमें से कुछ बाहरी राज्यों से यहां लाई गई थीं। पुलिस का कहना है कि गिरोह के नेटवर्क और संपर्क सूत्रें की जानकारी जुटाई जा रही है।छापेमारी के दौरान पास के एक अन्य स्पा सेंटर में भी कुछ अनियमितताएं पाई गईं, जिस पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने साफ किया कि इस तरह की गतिविधियों में लिप्त प्रतिष्ठानों पर सख्त कार्रवाई होगी और उनकी लाइसेंसिंग भी निरस्त की जाएगी।
