पूर्व प्रधान को मारी गोली,हालत गंभीर
काशीपुर(उद संवाददाता)। कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र के ढकिया नंबर एक में गुरूवार सुबह उस समय अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया जब अज्ञात बदमाश ने गांव के पूर्व प्रधान श्याम सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाश ने अचानक फायर झोंकते हुए उन्हें गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और घायल श्याम सिंह को आनन-फानन में शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार ढकिया कला नंबर एक के पूर्व प्रधान श्याम सिंह गुरूवार प्रातः करीब दस बजे अपने घर से निकले थे। पास ही स्थित एक बगीचे से अचानक एक व्यक्ति ने उन पर गोली चला दी। एक गोली उनके हाथ को छूकर निकल गयी जबकि दूसरी गोली उनकी कमर में लगी। गोली लगने से श्याम सिंह लहुलूहान होकर गिर पड़े। घटना से मौके पर अफरा तफरी मच गयी। इस दौरान हमलावर मौके से फरार हो गया। फायरिंग के बाद मौके पर भीड़ जुट गयी। लोगों ने श्याम सिंह को निजी अस्पताल भर्ती कराया जहां उनकी हालत चिंताजनक देखते हुए हायर सेंटर रैफर कर दिया। सूचना पर पुलिस क्षेत्रधिकारी समेत कोतवाल अमर चंद्र शर्मा और कुंडेश्वरी चौकी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से सुराग जुटाने के प्रयास किए और बदमाश की तलाश में आसपास के क्षेत्रें में चेकिंग अभियान शुरू किया। कोतवाल अमर चंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात बदमाश की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल वारदात के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पूर्व प्रधान पर हुए इस हमले से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। गांव और आसपास के इलाकों में लोगों के बीच भय और आक्रोश का माहौल है। लोग खुलेआम गोली चलाने की इस घटना को कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती मान रहे हैं और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
