मैट्रोपॉलिस में पांचवी मंजिल से गिरा मजदूर, गंभीर
रुद्रपुर(उद संवाददाता) । नैनीताल मार्ग पर स्थित मैट्रोपॉलिस कालोनी में पेन्ट करने के दौरान एक श्रमिक पांचवी मंजिल से असन्तुलित होकर नीचे आ गिरा और लहूलुहान होकर गम्भीर रूप से घायल हो गया। अचानक हुई घटना से वहा कार्य कर रहे अन्य मजदूरों, कालोनी वासियों को एवं सोसाइटी के पदाधिाकारियों में हड़कम्प मच गया। आनन-फानन में घायल मजदूर को उपचार के लिए तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी हालत चिंता जनक देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया। जहा घायल मजदूर की हालत अभी भी गम्भीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार मैट्रोपॉलिस कालोनी में सोसाइटी द्वारा पिछले कुछ दिनों से पेटिंग का कार्य कराया जा रहा है जिसमें कई मजदूर अपने अपने ठेकेदारों के अधीन कार्य कर रहे है। बताया जाता है कि आज प्रातः कालोनी पर पांचवी मंजिल पर रस्सी के सहारे मंच पर बैठकर दिनेशपुर निवासी धीरज सरकार पेन्ट कर रहा था। इसी दौरान वह असंतुलित होकर नीचे आ गिरा और गम्भीर रूप से घायल हो गया उसके सिर व चेहरे पर गम्भीर चोटे आई है। चिकित्सकों ने उसकी हालत को चिन्ताजनक बताया है। सोसाइटी के पदाधिकारियों ने बताया कि सभी ठेकेदारों को कार्य के दौरान मजदूरों की सुरक्षा के कड़े प्रबन्ध करने के पूर्व में ही निर्देश दिये गये थे जो अनुबन्ध पत्र में भी शामिल है।
