रूद्रपुर ब्लॉक प्रमुख पद पर सीधा मुकाबला
भाजपा की बागी रीना गौतम को मनाने की कोशिशें नाकाम
रूद्रपुर। रूद्रपुर क्षेत्र पंचायत के प्रमुख, ज्येष्ठ उप प्रमुख व कनिष्ठ उप प्रमुख पदों पर सीधा मुकाबला तय हो गया है। आज नाम वापसी के अंतिम दिन निर्धारित समय तक उक्त पदों पर नामांकन करने वाले किसी भी दावेदार द्वारा नाम वापस नहीं लिया गया। अब ब्लॉक प्रमुख के पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी ममता जल्होत्र व भाजपा नेता जितेन्द्र गौतम की पत्नी रीना गौतम के मध्य सीधा मुकाबला होगा। वहीं ज्येष्ठ उप प्रमुख पद पर संजय सिंह व जितेन्द्र कौर और कनिष्ठ उप प्रमुख पद पर आरती देवी व पूजा के मध्य मुकाबला होगा। ब्लाक प्रमुख पद पर अब मुकाबला दिलचस्प होने के आसार हैं। बता दें ममता जल्होत्र निवर्तमान ब्लाक प्रमुख रही हैं और उनके समर्थक उनकी जीत का दावा कर रहे हैं। दूसरी तरफ भाजपा से बगावत करके ब्लाक प्रमुख पद के लिए चुनाव मैदान में कूदी रीना गौतम को किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला सहित कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं का भी समर्थन है, जिसके चलते ब्लाक प्रमुख पद पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है। आज नाम वापसी की समय सीमा तक यह कयास लगाये जा रहे थे कि रीना गौतम का नामांकन वापस हो जायेगा। इस बीच भाजपा के तमाम नेता उनका नाम वापस कराने की कोशिशों में लगे रहे। लेकिन सारी कोशिशें नाकाम रही। अब दोनों के बीच सीधा मुकाबला होगा। मतदान आगामी 14 अगस्त को होना है जिस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल का कहना था कि ब्लाक प्रमुख पद पर भाजपा समर्थित ममता की जीत तय है।
