Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बर्ड फ्लू को लेकर प्रशासन सतर्क, यूपी से मुर्गे-अंडे लाने पर लगाई रोक

रूद्रपुर (उद संवाददाता)।पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के जनपद रामपुर के बिलासपुर विकासखंड के कुछ ग्रामों में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद ऊधमसिंहनगर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। संक्रमण को जिले में फैलने से रोकने के लिए जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने आदेश जारी कर कहा है कि अगले एक सप्ताह तक उत्तर प्रदेश से ऊधमसिंहनगर जिले में मुर्गे, अंडे, कुक्कुट मांस एवं अन्य पोल्ट्री उत्पाद लाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि इस आदेश का कड़ाई से पालन कराया जाए और किसी भी स्थिति में उल्लंघन न होने पाए। बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड में आ गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, बीमारी की संभावना को ध्यान में रखते हुए जिले के अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त की जा रही हैं, ताकि किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटा जा सके। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि फिलहाल कुक्कुट उत्पादों के सेवन से परहेज करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *