सभी जिलाधिकारियों को भारी बारिश के मद्देनजर सतर्क रहने के निर्देश
देहरादून(उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार प्रातः शासकीय आवास पर आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में राज्य के सभी जिलाधिकारियों को भारी बारिश के मद्देनजर सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अलर्ट मोड पर रहकर बारिश से उत्पन्न संभावित आपदाओं से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नदियों के जलस्तर की लगातार मॉनिटरिंग करने, भूस्खलन व बाढ़ संभावित क्षेत्रें में रहने वाले लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने और राहत-सुरक्षा संबंधी सभी इंतजाम मुकम्मल रखने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने जिलाधिकारियों को सीएचसी, पीएचसी और जिला अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करने को कहा कि मरीजों को समय पर समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें। साथ ही उन्होंने प्रदेशभर के स्कूलों के भी निरीक्षण के निर्देश दिए ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। मुख्यमंत्री धामी ने बरसात समाप्त होते ही अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़कों, पेयजल व बिजली लाइनों की त्वरित मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को ग्राम व तहसील स्तर पर रात्रि प्रवास कर लोगों की समस्याएं सीधे सुनने व समाधान के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त ऑपरेशन कालनेमि के तहत अतिक्रमण विरोधी अभियान को गति देने और सीएम हेल्पलाइन 1905 की निरंतर समीक्षा कर जनशिकायतों का प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता को राहत पहुंचाने और उनकी समस्याओं के समाधान में कोई कोताही नहीं बरती जानी चाहिए। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निभाएं।
