गृह मंत्री अमित शाह से मिले उत्तराखंड के भाजपा सांसद : करोड़ों के एलयूसीसी चिटफंड घोटाले पर कार्रवाई की मांग
देहरादून। उत्तराखंड में सामने आए एलयूसीसी चिटफंड घोटाले के मामले में उत्तराखंड के चार सांसद बृहस्पतिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले। उन्होंने घोटाला करने वालों पर कार्रवाई की मांग की। हालांकि मुख्यमंत्री धामी इस मामले की सीबीआई जांच कराने की अनुमति दे चुके हैं। दिल्ली में हरिद्वार सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, नैनीताल सांसद अजय भट्ट और टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी से मुलाकात की। सांसदों ने उत्तराखंड के हजारों गरीब, ग्रामीण निवेशकों की मेहनत की कमाई को ठगने वाले एलयूसीसी प्रोमोटर्स के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आग्रह किया कि इन अपराधियों को इंटरपोल की मदद से भारत लाकर न्याय के कटघरे में खड़ा किया जाए। ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय और उनकी धनराशि की वापसी सुनिश्चित की जा सके। सांसदों ने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने इस मामले की जांच की संस्तुति पहले ही कर दी है। इस घोटाले में शामिल लोगों को सख्त सजा दिलाकर भविष्य में इस प्रकार की ठगी को रोका जाना अत्यंत आवश्यक है। गृह मंत्री अमित शाह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस मामले में कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को उनके कृत्य की सजा जरूर मिलेगी। उधर, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने भी गृह मंत्री से मुलाकात की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने द लोनी अर्बन मल्टी स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिप्ट कोऑपरेटिव सोसायटी के संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए सीबीआई जांच की अनुमति दे दी है। घोटाले में कंपनी के चेयरमैन जितेंद्र सिंह चिरंजन, दिनेश को गिरफ्रतार कर पुलिस ने पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है।
