आईजी रिधिम अग्रवाल ने मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
ऊधम सिंह नगर। प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कुमाऊं मंडल की पुलिस महानिरीक्षक आईजी रिधिम अग्रवाल स्वयं ग्राउंड जीरो पर उतर आईं। उन्होंने जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण करते हुए सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान आईजी अग्रवाल ने बूथों पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में मतदान प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जोनल और सेक्टर अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि रात्रि के समय भी बूथों की सुरक्षा में कोई चूक न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी व्यक्ति या समूह द्वारा कानून व्यवस्था भंग करने अथवा मतदान में विघ्न डालने का प्रयास किया गया, तो उसके विरु( कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। आईजी रिधिम अग्रवाल ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पूर्णतः सतर्क है और लोकतंत्र की मर्यादा बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जा रहा है। कोई भी व्यक्ति भय या दबाव में आए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करे। निरीक्षण के दौरान आईजी अग्रवाल ने मतदान केंद्रों पर उपस्थित महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों से भी संवाद स्थापित किया और मतदान प्रक्रिया से संबंधित उनकी प्रतिक्रियाएं जानीं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी मतदाता की असुविधा प्रशासन की प्राथमिकता में है और इसे दूर करने के लिए समुचित व्यवस्था की जा रही है। यह पहली बार है जब कोई उच्च पुलिस अधिकारी इस स्तर पर स्वयं जिले-दर-जिले जाकर बूथों का निरीक्षण कर रहा है। प्रशासन के इस सक्रिय रुख की सराहना करते हुए स्थानीय नागरिकों ने आशा जताई कि इस बार का पंचायत चुनाव भयमुक्त, निष्पक्ष और पूर्णतः लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न होगा।
