सीएम ने आपदा परिचालन केन्द्र का किया औचक निरीक्षण
देहरादून। सचिवालय में लगातार तीन अहम बैठकों की अध्यक्षता करने के उपरांत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अचानक उत्तराखंड राज्य आपदा परिचालन केंद्र (एसईओसी) पहुंचकर वहां का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘जनता सर्वाेपरि’ की भावना के साथ अधिकारियों से प्रदेश में हो रही भारी वर्षा, आपदा की स्थिति और मौसम के ताजा पूर्वानुमानों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर वर्षा जनित आपदाओं से निपटने के लिए किए जा रहे राहत, बचाव और सतर्कता उपायों की अद्यतन स्थिति का गहन जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से उन जिलों की परिस्थितियों पर चर्चा की, जहां लगातार भारी बारिश के चलते भूस्खलन, जलभराव और सड़क अवरोध जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी जिलाधिकारी अलर्ट मोड में रहें और संवेदनशील क्षेत्रें में विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्यों को प्राथमिकता दी जाए और प्रभावित क्षेत्रें में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने पर आपदा प्रभावित क्षेत्रें में त्वरित पहुँच के लिए स्थानीय प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ व अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय को मजबूत बनाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर नागरिक की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ की जा रही हैं।
