Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

2017 में लोगों ने हमे नहीं चुना….2027 में कांग्रेस की सरकार आती है तो गैरसैंण में बनाएंगे राजधानी : हरदा

देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व सीएम एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने उत्तराखंड की स्थायी राजधानी के मुद्दे को लेकर पिछले दिनों सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेशवासियों से अपील की थी। जिसमें उन्होंने कांग्रेस की सरकार बनाने पर राज्य की राजधानी गैरसैण में बनाने का वायदा किया है। पूर्व सीएम हरदा के इसी बयान को पर जस्टिस राकेश थपलियाल ने संज्ञान लिया है और गंभीर टिप्पणी करते हुए नेताओं पर फर्जी बयान देने पर कार्यवाही करने की चेतावनी दे डाली। गौरतलब है कि विगत 14 जुलाई को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने एक बयान दिया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि 2027 में अगर उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार आती है तो वह गैरसैंण में राजधानी बनाएंगे। उनके इस बयान पर अब हाईकोर्ट के माननीय न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल ने तीखा प्रहार किया है। वहीं जस्टिस राकेश थपलियाल की टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिस पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। माना जा रहा है कि हाईकार्ट के जज की टिप्पणी को लेकर सरकार भी सतर्क हो गई है। जस्टिस राकेश थपलियाल के कटाक्ष के बाद पूर्व सीएम हरदा ने प्रतिक्रिया दी है। पूर्व सीएम हरीश रावत ने जस्टिस राकेश थपलियाल की कड़ी टिप्पणी को राज्य के प्रति उनकी चिंता का विषय बताया है। पूर्व सीएम हरीश रावत के अनुसार उत्तराखंड में जब उनकी सरकार ने तीन वर्ष में गैरसैण में इनफ्रास्टक्चर को विकसित करने का काम शुरू किया तो दैवीय आपदा के कारण वह अपने मिशन को पूरा करने में विफल रहे। तब उनकी सरकार को बहुमत परीक्षण के दौर से भी गुजरना पड़ा था। राज्य सरकार के पास बजट का अभाव था तब तत्कालीन केंद्र की सरकार ने कोई सहयोग नहीं किया। आज ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैण में विकास के नाम पर सरकार सिफ खानापूर्ती कर रही है। पूर्व सीएम का कहना है कि 2017 में लोगों ने हमे नहीं चुना। वह प्रदेशवासियों के किए गये अपने वायदे और पहाड़ के लोगों द्वारा उठाई जा रही गैरसैणियत की आवाज को उठाने के सवाल पर कायम रहेंगे। हाईकोर्ट के जज ने भी वहां की अनदेखी पर अपनी चिंता व्यक्त की है। उनके जो भी दिशा निर्देश होंगे उसका पालन प्राथमिकता से किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *