चमोली में भूकंप के झटकों से दहशत
चमोली/देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। भूकंप के झटके लगते ही लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए। हालांकि अब तक जान-माल के किसी नुकसान की सूचना नहीं है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) से प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3-3 मापी गई। इसका केंद्र चमोली जिले में जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। झटके हल्के थे, लेकिन शांत पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण लोगों में भय की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि जैसे ही हल्का कंपन महसूस हुआ, लोग घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। कई लोगों ने एहतियातन खुले मैदानों में कुछ देर तक रुकना उचित समझा। भूकंप के झटकों की खबर फैलते ही आसपास के गांवों और कस्बों में भी दहशत का माहौल बना रहा। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कहीं से किसी तरह के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। गौरतलब है कि इससे पहले 8 जुलाई को उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। एनसीएस के अनुसार, उस दिन दोपहर 1ः07 बजे रिक्टर स्केल पर 3-2 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र जमीन से 5 किलोमीटर की गहराई में था। विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तराखंड राज्य भूकंप के लिहाज से अत्यंत संवेदनशील जोन में आता है। खासकर चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जैसे जिलों में समय-समय पर हल्के और मध्यम तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं। भूगर्भ वैज्ञानिकों का कहना है कि लगातार आ रहे झटके भूकंपीय सक्रियता का संकेत हैं, ऐसे में लोगों को भूकंप से बचाव की जानकारी और सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
