गृहमंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड में आपदा पर सीएम से ली स्थिति की जानकारी
देहरादून(उद संवाददाता)।प्रदेश में हो रही अतिवृष्टि और आपदा की आशंका के बीच शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दूरभाष पर संपर्क कर राज्य के संवेदनशील क्षेत्रें, विशेष रूप से श्री केदारनाथ धाम की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने प्रदेश में मौसम जनित आपदा से उत्पन्न हालातों को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार की आपातकालीन राहत एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। गृहमंत्री ने बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार एनडी आरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) एवं आईटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) जैसे बलों को उत्तराखंड के आवश्यक स्थानों पर तत्काल तैनात कर रही है, ताकि चारधाम यात्र सुचारु रूप से चलती रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड के अन्य आपदा संवेदनशील जिलों में भी लगातार नजर बनाए हुए है और राज्य सरकार के संपर्क में रहकर हर संभव तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गृहमंत्री अमित शाह के सक्रिय और संवेदनशील नेतृत्व के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार आपदा की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और चारधाम यात्र में आए श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने पहले ही सभी जिलों को अलर्ट पर रखा है और स्थानीय प्रशासन, पुलिस, राहत दलों व एसडीआरएफ को आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र व राज्य मिलकर आपदा प्रबंधन को लेकर पूरी तत्परता और समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। ज्ञात हो कि प्रदेश में विगत कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण पर्वतीय क्षेत्रें में भूस्खलन और मार्ग अवरोध की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में केंद्र सरकार की यह सक्रियता और संवेदनशीलता प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा और राहत का भरोसा लेकर आई है।
