नहर में गिरी कार,नवजात समेत चार की मौत: अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वापस घर लौट रहा था परिवार
हादसे में तीन घायलों की हालत गंभीर
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। मानसून की दस्तक के साथ ही हल्द्वानी में मूसलधार बारिश ने कहर बरपाया है। भारी बारिश के दौरान रामपुर रोड से मंडी बाईपास को जोड़ने वाले लिंक रोड पर फायर ब्रिगेड ऑफिस के पीछे बहने वाली नहर में एक कार अनियंत्रित होकर गिर गई और पानी के तेज बहाव में बह गयी। सूचना पर पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकल गया। कार में कुल सात लोग सवार थे, हादसे में एक नवजात बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई है और तीन लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक एसयूवी कार संख्या यूके 06एएक्स 8728 में सवार सभी लोग ग्राम बरा, किच्छा के निवासी थे और सुशीला तिवारी अस्पताल से वापस गांव लौट रहे थे। सुबह करीब सात बजे यह कार अनियंत्रित होकर फायर बिग्रेड ऑफिस के पीछे बहने वाली नहर में समा गयी। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। रेस्क्यू टीम ने घायलों को तत्काल डॉ- सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। नवजात की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस तरह कुल मृतकों की संख्या चार हो गई । मृतकों की पहचान नीतू (34 वर्ष), कमला देवी (51 वर्ष), राकेश (32 वर्ष) और चार दिन के एक नवजात के रूप में हुई है। वहीं, रामा (27 वर्ष), रमेश (39 वर्ष) और वाहन चालक श्यामलाल (40 वर्ष) घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में गंभीर रूप से घायल नवजात की मां निर्मला को आईसीयू में भर्ती किया गया है। उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी नैनीताल गौरव किरार ने बताया कि नहर में गिरा वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और फंसे लोगों को निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। रेस्क्यू के दौरान फायर कर्मी भी नहर के तेज बहाव में बह गया। लेकिन साहस दिखाते हुए उसने वाहन चालक को बचा लिया और स्वयं भी सुरक्षित बाहर निकला। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। खुशियों के बीच अचानक छाए मातम के इस दृश्य ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। बताया जाता है कि बरा निवासी रामा अपनी पत्नी निर्मला और नवजात शिशु को डॉ- सुशीला तिवारी अस्पताल से छुट्टðी मिलने के बाद घर लेकर लौट रहे थे। उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। जब वे राज पैलेस के पास पहुंचे, तभी वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधा नहर में जा गिरा।
