सीएम धामी ने मध्य क्षेत्रीय परिषद की 25वीं बैठक में सीमांत गांवों में सुविधाओं के विकास, भारत नेट और सैटेलाइट संचार सेवाओं के शीघ्र विस्तार पर रखे विचार
वाराणसी/देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। सीएम धामी वाराणसी में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 25वीं बैठक में भाग लेने पहुंचे। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कर रहे हैं। बैठक से पूर्व सीएम धामी ने अमित शाह से मुलाकात की। साथ ही यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी भेंट की। सीएम पुष्कर सिंह धामी आज वाराणसी में आदरणीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी की अध्यक्षता में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद् की 25वीं बैठक में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बैठक के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क, संचार और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु सीमा सड़क संगठन (ठत्व्) के माध्यम से अधिक सहयोग का आग्रह किया। साथ ही वाइब्रेंट विलेज योजना के अंतर्गत सीमांत गांवों में सुविधाओं के विकास, भारत नेट और सैटेलाइट संचार सेवाओं के शीघ्र विस्तार पर अपने विचार रखे। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अनुदान प्रक्रिया को सरल बनाने, 1989 की दूरस्थ घाटी अधिसूचना को निरस्त करने और मानसून के दौरान उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, अतिवृष्टि व बादल फटने जैसी आपदाओं से सड़कों को होने वाली क्षति के दृष्टिगत प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के सुचारू संचालन हेतु राज्य को अतिरिक्त सहयोग देने की आवश्यकता पर सुझाव दिए। राज्य में ग्लेशियर अध्ययन केंद्र, जैव विविधता संरक्षण संस्थान और अंतर्राष्ट्रीय साहसिक खेल प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना का प्रस्ताव रखा। साथ ही नंदा राजजात यात्रा (2026) और 2027 के कुंभ मेले के सफल आयोजन हेतु केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध किया।सीएम धामी ने कहा कि
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में हम वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के विकल्प रहित संकल्प को पूर्ण करने हेतु पूरी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं। हमारी सरकार भी इसी लक्ष्य के अनुरूप प्रदेश को विकसित उत्तराखंड के रूप में स्थापित करने के लिए तीव्र गति से कार्य कर रही है, ताकि राज्य का हर नागरिक विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके और ष्विकसित भारतष् के निर्माण में सक्रिय भागीदार भी बन सके।सीएम धामी वाराणसी में बाबा विश्वनाथ मंदिर के दर्शन करने भी गए। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर बाबा विश्वनाथ मंदिर में पूजा करते हुए वीडियो भी पोस्ट किया है। इससे पहले वो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले। सीएम धामी ने उन्हें हरिद्वार में होने जा रही आगामी कांवड़ यात्र के संबंध में की जा रही तैयारियों से अवगत कराया। सीएम धामी ने बीजेपी के फायर ब्रांड नेता और देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की। इस अवसर पर उन्हें पवित्र चारधाम का प्रसाद भेंट किया। इस मुलाकात के दौरान यूपी बीजेपी के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, अन्य मंत्री और पार्टी संगठन के पदाधिकारी मौजूद थे। इसके साथ ही सीएम धामी ने वाराणसी में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय से भी मुलाकात की। सीएम ने कहा कि दोनों मुख्यमंत्रियों से विभिन्न समसामयिक विषयों पर सारगर्भित चर्चा के साथ ही उन्हें देवभूमि उत्तराखण्ड के चारों धामों का पवित्र प्रसाद भेंट किया। वाराणसी प्रवास के दौरान सीएम धामी ने काशी कोतवाल श्री काल भैरव मंदिर में दर्शन एवं पूजन भी किया। इस अवसर पर श्री काल भैरव जी से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं राज्य की प्रगति के लिए प्रार्थना की। गौरतलब है कि इस बार मध्य क्षेत्रीय परिषद की 25वीं बैठक उत्तर प्रदेश के वाराणसी में हो रही है। इसके पहले इसकी 24वीं बैठक पिछले साल उत्तराखंड के नरेंद्र नगर में हुई थी।
