सीमेंट से लदे ट्राले में घुसी बेकाबू कार,हरियाणा निवासी चार लोगों की मौत,एक गंभीर
देहरादून(उद संवाददाता)। क्लेमेंटाउन क्षेत्र में रविवार तड़के सड़क हादसे में हरियाणा निवासी चार लोगों की मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार मारुति रिट्ज कार एक सीमेंट से लदे ट्राले में पीछे से जा घुसी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को तत्काल हॉस्पिटल भेजा, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक गंभीर घायल का इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार रविवार तड़के लगभग 03ः10 बजे रिटज कार संख्या एचआर42ई2701सहारनपुर की ओर से देहरादून आ रही थी, उक्त कार के आगे सीमेंट से लदा ट्राला संख्या एचआ 63एफ 5353चल रहा था। आशारोड़ी के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीमेंट के ट्राले में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार अंकुश पुत्र अजीत निवासी पुरखास धीरन, जिला सोनीपत, हरियाणा,पारस पुत्र जयकरण निवासी पुरखास धीरन, जिला सोनीपत, हरियाणा, अंकित पुत्र राजेश निवासी मेरिडा तहसील जुलाना, जिला जींद, हरियाणा और नवीन पुत्र नरेश निवासी खेड़ी, तहसील रोहतक, हरियाणा की दर्दनाक मौत हो गयी। जबकि विनय पुत्र विजय निवासी पुरखास धीरन जिला सोनीपत हरियाणा को दून अस्पताल भर्ती कराया गया है। उसकी हालत भी गंभीर बनी हुयी है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को कटर से काटकर फंसे लोगों को बमुश्किल बाहर निकाला। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना क्लेमेंटाउन प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया है कि मृतक और घायल के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ट्राला को पुलिस ने कब्जे में लेकर चालक आफताब, निवासी शेखपुरा सहारनपुर को हिरासत में लिया है।
