मिट्टी में सात घड़ा सोना बताकर व्यापारी से दो लाख लूटे : रात के अंधेरे में वर्दी में आए बदमाशों ने दिया लूट को अंजाम
नानकमत्ता(उद संवाददाता)। थाना क्षेत्र में मिट्टी में दबे सात घड़ों में सोना निकालने का लालच देकर मुरादाबाद के एक व्यापारी के साथ 2 लाख रूपये की लूट का मामला सामने आया है। पुलिस ने व्यापारी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुरादाबाद उत्तर प्रदेश के कंप्यूटर हार्डवेयर के व्यापारी अमित रस्तोगी पुत्र स्वर्गीय अनिल कुमार रस्तोगी ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि उसका मकान कोठीवाल नगर मुरादाबाद में है, जिसमें पिछले तीन वर्ष से रमेश चंद्र सिंह उर्फ मुन्ना सरदार का परिवार किराए पर रहता है। अमित के मुताबिक जब वह अपना किराया लेने मुन्ना सरदार के घर पर गया तो उसके द्वारा बताया कि मेरे परिचित एक डॉक्टर सर्वेश अग्रवाल है जिन्होंने बताया कि उधम सिंह नगर के नानकमत्ता क्षेत्र में एक स्थान पर मिट्टी में सात घड़ा सोना निकला है। जिसको मैंने व मेरे दोनों बेटों मुन्ना सरदार तथा नोनू सरदार एवं उनके परिचित सर्वेश अग्रवाल द्वारा नानकमता में जाकर एक दुकान पर सोना चेक भी करवाया है जो कि बिल्कुल शुद्ध है। मुन्ना सरदार द्वारा बताया गया कि उनको पैसों की आवश्यकता है इसलिए वह सोने में पैसा लगाकर बढ़ोतरी कर सकते हैं। अमित रस्तोगी ने बताया कि सोने में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए लालच में आकर सोनू सरदार और उनके पुत्रें की बातों में आ गया और अपनी पत्नी के गहने गिरवी रखकर कुछ रुपए की अपने दोस्तों रिश्तेदारों से व्यवस्था कर दो लाख रुपए का इंतजाम किया। अमित रस्तोगी ने बताया कि 20 फरवरी को हम लोग मुन्ना सरदार सोनू सरदार नोनू सरदार और मैं वेन्यू गाड़ी जो कि सोनू सरदार की थी से नानकमत्ता आए और उस दिन सोनू सरदार अपने फोन से नानकमत्ता के रहने वाले राजू सरदार से बात कर रहा था लेकिन दिन में हमारी मुलाकात नहीं हुई। तब वह सितारगंज के सितारा होटल में रुके। 21 फरवरी को हम सभी नानकमत्ता गए जहां पर सोनू ने कहा कि आप अपनी गाड़ी गुरुद्वारा में पार्किंग कर दो। शाम को 6 बजे सोनू के फोन पर राजू सरदार का फोन आया कि आप पैसे लेकर मेरे गांव कैथुलिया थाना नानकमाता आ जाओ। अमित ने बताया कि वह गांव में एक घर में गए। जहां एक सरदार मिला उस समय गांव में घर के पास अंधेरा हो रहा था। वचह बोला कि मैं सोने का घड़ा लेकर आता हूं, तभी अचानक से कुछ लोग जिनमें दो लोग वर्दी पहने हुए थे। उसके घर के आंगन में आए और हाथ से मेरे पैसों का बैग छीनने लगे जब विरोध किया तो उन्होंने कहा कि अगर बैग नहीं दिया तो जान से मार कर यही दफना देंगे पता भी नहीं चलेगा। उक्त सभी लोग पैसे लूटकर भाग गए। उसके बाद सोनू सरदार के कहने पर उनकी वेन्यू गाड़ी में बैठकर सोनू सरदार व मुन्ना सरदार के साथ वहां से निकल गया वापस हम लोग मुरादाबाद चले गए। पुलिस ने मामले की प्राथमिक की दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। मिट्टी के नीचे दबे घरे में सोने निकालने का लालच देकर गांव में बुलाकर पुलिस की वर्दी में दो लाख की लूट करने वाले बदमाशों को पुलिस ने कुछ हद तक चिन्हित कर लिया है। सूत्रें के मुताबिक ग्राम कैथुलिया का ही एक युवक चिन्हित कर लिया है। जबकि अन्य पैसा लेकर फरार होने वाले युवकों की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस जल्द ही 2 लाख की लूट का खुलासा कर सकती है। इस लूट में सितारगंज के शराब व्यापारी की लूट में शामिल कुछ लोगों के नाम भी आ सकते हैं।
