मोदी सरकार की 11 सालों की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाएगी भाजपा
देहरादून। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के 11 साल पूरे होने पर पार्टी 9 जून से एक महीने तक चलने वाला विशेष जनसंपर्क अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत पार्टी सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 सालों की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाएगी।बता दें यह राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम 9 जून को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा की प्रेस वार्ता से शुरू होगा। साथ ही राज्यों में भी चरणबद्धतरीके से कार्यक्रम आयोजित होंगे। उत्तराखंड में इस अभियान की अगुवाई सीएम धामी 10 जून को देहरादून से करेंगे। इसके बाद 11 और 12 जून को राज्य के सभी जिलों में भाजपा के सांसद, मंत्री, विधायक के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएंगे। भाजपा ने इस अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं को भी सक्रिय किया है। 9 जून से 9 जुलाई तक राज्य भर में अलग-अलग स्तर पर कार्यक्रम चलेंगे। इसके अलावा 12 से 16 जून के बीच हर मंडल स्तर पर विकसित भारत संकल्प सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर देश को विकसित बनाने के संकल्प को दोहराएंगे और सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे।
