Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या करने के बाद फरार हुए हत्यारों को मुठभेड़ में लगी गोली

देहरादून(उद संवाददाता)।प्रेमनगर थाना क्षेत्र में 2 जून की रात भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रोहित नेगी की गोली मारकर हत्या करने के बाद फरार हुए दो बदमाशों के साथ देर रात मुजफ्फरनगर- मंगलौर बार्डर पर पुलिस की जबरदस्त मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश के दोनों पैर, जबकि दूसरे के हाथ पर गोली लगी। पुलिस ने दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया। बता दें मंगलवार तड़के प्रेमनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि मांडूवाला के पीपल चौक पर एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायल को उसके साथी ग्राफिक ऐरा अस्पताल ले गए हैं। पुलिस अस्पताल पहुंची तो मालूम हुआ कि घायल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान भाजपा नेता रोहित नेगी के रूप में हुई। नेगी के दोस्तों ने पुलिस को बताया कि रोहित नेगी के साथ पांच-छह दोस्त पार्टी कर रहे थे। इनमें एक युवती भी शामिल थी। युवती रोहित नेगी के दोस्त की मित्र है। इसी बीच युवती के फोन पर अजहर मलिक का फोन आया। वह उससे झगड़ा करने लगी। रोहित नेगी ने दोनों की बातें सुनी तो पता चला कि अजहर युवती को गंदी गंदी गालियां दे रहा था। इस पर नेगी को भी गुस्सा आया और वह भी अजहर के साथ झगड़ने लगा। जैसे तैसे सभी ने एक दूसरे को समझा बुझाकर शांत किया। कुछ देर बाद सभी वहां से रोहित नेगी की कार में अपने अपने घर की ओर चल दिए। यहां पहले से ही अजहर अपने एक दोस्त के साथ मोटरसाइकिल पर खड़ा हुआ था। रोहित ने जैसे ही कार रोकी तो अजहर ने कार के सामने शीशे से सटाकर गोली मार दी। यह गोली रोहित के गले में जाकर लगी। गोली लगने से रोहित नेगी गंभीर रूप से घायल हो गया उसे तुरंत ग्राफिक एरा अस्पताल झाझरा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मामले में रोहित नेगी के दोस्त की ओर से रिपोर्ट दर्ज करायी गयी थी। जिसके बाद से पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। पुलिस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई संभावित ठिकानों पर छापा मारा था। आरोपियों को पकड़ने के लिए गठित की गई पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। इसी बीच गुरूवार देर रात मोहम्मद अजहर त्यागी पुत्र अब्दुल रब निवासी प्रधान पट्टी बरला थाना पुरकाजी जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश और आयुष कुमार उर्फ सिकंदर पुत्र विजय कुमार निवासी मालैन्डी शामली उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर देखे गए। पुलिस ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो दोनों बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की और दोनों बदमाश घायल हो गए। उन्हें सीएचसी गुरुकुल नारसन में प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *