Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कर्ज में डूबे परिवार के सात लोगों ने दी जान

देहरादून (उद संवाददाता)। देहरादून निवासी एक परिवार के सात लोगों ने सोमवार रात हरियाणा के पंचकूला में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों में दंपती, तीन बच्चे और परिवार के बुजुर्ग सदस्य शामिल हैं। सभी के शव एक कार में मिले हैं। मृतकों में दो की पहचान प्रवीन मित्तल और उनके पिता देशराज मित्तल के रूप में हुई है। बताया जाता है कि परिवार बुरी तरह से कर्ज में डूबा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि सोमवार रात करीब 11 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि मकान नंबर 1204 के बाहर खड़ी एक कार में कुछ लोगों ने आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी में सवार छह लोगों को सेक्टर-26 के निजी अस्पताल अस्पताल में भर्ती कराया। घर से बाहर एक और व्यक्ति तड़पते हुए निकला। पुलिस टीम उसको उपचार के लिए सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल में ले गई। जहां सभी को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान प्रवीन मित्तल और उसके पिता देशराज मित्तल प्रवीन की पत्नी, मां और दो बेटियों के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद डीसीपी हिमाद्रि कौशिक समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। बताया जाता है कि परिवार देहरादून के कौलागढ़ का रहने वाला था। कौलागढ़ में यह परिवार तीन साल तक किराए पर रहा था। तीन साल पहले वह यहां से मकान छोड़ कर नींबूवाला में किराए पर रहने चले गए थे। यह परिवार एक एनजीओ भी चलाता था। पुलिस सूत्रें ने बताया कि प्रवीन मित्तल ने कुछ समय पहले देहरादून में टूर एंड ट्रैवल का कारोबार शुरू किया था जो चल नहीं पाया। उसमें उनको भारी घाटा हुआ। इसी कारण परिवार कर्ज में डूब गया था। हालत इतनी खराब थी कि परिवार का गुजारा भी नहीं हो पाया था। बताया जाता है कि परिवार देहरादून से पंचकूला स्थित बागेश्वर धाम में हनुमंत कथा सुनने आया था। कथा सुनने के बाद परिवार कार से लौट रहा था, तभी सभी ने रास्ते में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि मौके पर सुसाइड नोट भी मिला है। एक चश्मदीद ने बताया कि वह कार से पास से गुजर रहा था तो एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में मिला। यह शख्स प्रवीण मित्तल थे। प्रवीण ने बताया कि उनके परिवार के लोग कार में सो रहे हैं। चश्मदीद को आशंका होने पर उसने कार का दरवाजा खोल कर देखा, तो सभी के मुंह से झाग आ रहे थे। इसके बाद प्रवीण ने बताया कि उन्होंने भी जहर खा लिया है और कुछ ही देर में उनकी भी मौत हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *